क्या कांग्रेस का नया ‘राजवाड़े कार्ड’ पलट देगा बैकुंठपुर का सियासी खेल? बिहारीलाल राजवाड़े बने विधायक टिकट के सबसे मजबूत दावेदार 32 हजार राजवाडे मतदाताओं पर मजबूत पकड़, संगठन में लंबा अनुभव और जमीनी छवि बना रही दावेदारी को मजबूत
अनूप बड़ेरिया की रिपोर्ट
बैकुंठपुर/कोरिया। बैकुंठपुर विधानसभा की राजनीति में इन दिनों कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं ब्लॉक कांग्रेस कमेटी बैकुंठपुर के कार्यकारी अध्यक्ष बिहारीलाल राजवाड़े का नाम तेजी से चर्चा में है। आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक गलियारों में यह सवाल उठने लगा है कि क्या कांग्रेस इस बार बैकुंठपुर में जातीय और सामाजिक समीकरणों को साधने के लिए बिहारीलाल राजवाड़े पर दांव लगाएगी?
राजनीतिक जानकारों की मानें तो बैकुंठपुर विधानसभा क्षेत्र में राजवाड़ समाज के लगभग 32 हजार मतदाता हैं, जो चुनावी परिणामों को प्रभावित करने की क्षमता रखते हैं। वर्तमान भाजपा विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री भैयालाल राजवाड़े भी इसी समाज से आते हैं और समाज में मजबूत पकड़ के चलते वे तीन बार विधायक बनने में सफल रहे हैं।
ऐसे में कांग्रेस यदि इसी समाज के प्रभावशाली चेहरे बिहारीलाल राजवाड़े को उम्मीदवार बनाती है तो मुकाबला बेहद रोचक हो सकता है। कांग्रेस कार्यकर्ताओं का मानना है कि बिहारीलाल राजवाड़े की सामाजिक स्वीकार्यता, संगठनात्मक अनुभव और वर्षों की सक्रियता उन्हें टिकट का स्वाभाविक दावेदार बनाती है।
35 वर्षों से कांग्रेस की विचारधारा के सिपाही
बिहारीलाल राजवाड़े वर्ष 1988-89 से कांग्रेस की विचारधारा से जुड़े हुए हैं। उन्होंने कांग्रेस की सदस्यता लेकर गांव-गांव में पार्टी की नीतियों का प्रचार-प्रसार किया और आम लोगों को संगठन से जोड़ने का कार्य किया।
सरपंच से लेकर ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष तक का सफर
बिहारीलाल राजवाड़े ने वर्ष 1993-94 में ग्राम पंचायत बरदिया के सरपंच के रूप में जनसेवा की शुरुआत की। इसके बाद वे ब्लॉक कांग्रेस कमेटी (ग्रामीण) के उपाध्यक्ष रहे। वर्ष 2000 से 2005 तक कांग्रेस सेवादल कोरिया के मुख्य संगठक के रूप में संगठन को मजबूती दी। वर्तमान में बिहारी कांग्रेस के ब्लॉक अध्यक्ष पद पर पार्टी को मजबूत कर रहे हैं।
उन्होंने तीन बार जनपद सदस्य के रूप में जनता का प्रतिनिधित्व किया और जनपद पंचायत बैकुंठपुर में संचार एवं संकर्म समिति के सभापति भी रहे।
सामाजिक क्षेत्र में भी मजबूत पहचान
राजवाड़ समाज के बीच बिहारीलाल राजवाड़े की विशेष पहचान है। वे क्षेत्रीय राजवाड़ समाज समिति पटना के अध्यक्ष रह चुके हैं और लंबे समय से समाज के उत्थान एवं संगठन को मजबूत करने का कार्य करते रहे हैं।
वर्ष 2019 से 2023 तक उन्होंने जिला कांग्रेस कमेटी कोरिया में महामंत्री की जिम्मेदारी निभाई और वर्तमान में ब्लॉक कांग्रेस कमेटी बैकुंठपुर के कार्यकारी अध्यक्ष के रूप में संगठन का नेतृत्व कर रहे हैं।
क्या कांग्रेस खेलेगी नया दांव?
बैकुंठपुर विधानसभा में पिछले कई चुनावों से भाजपा का राजवाड़ समाज पर मजबूत प्रभाव रहा है। लेकिन कांग्रेस के भीतर यह चर्चा तेज है कि यदि पार्टी संगठन के पुराने, अनुभवी और समाज में प्रभाव रखने वाले चेहरे को आगे करती है तो राजनीतिक समीकरण बदल सकते हैं।
कांग्रेस कार्यकर्ताओं का मानना है कि बिहारीलाल राजवाड़े न केवल राजवाड़ समाज बल्कि ग्रामीण क्षेत्रों में भी अच्छी पकड़ रखते हैं। ऐसे में यदि पार्टी उन्हें उम्मीदवार बनाती है तो भाजपा के लिए चुनौती बढ़ सकती है।
अब देखने वाली बात यह होगी कि आगामी विधानसभा चुनाव में कांग्रेस हाईकमान बैकुंठपुर सीट पर किस चेहरे पर भरोसा जताती है, लेकिन फिलहाल इतना तय है कि बिहारीलाल राजवाड़े का नाम टिकट की दौड़ में सबसे मजबूत दावेदारों में शामिल हो चुका है और क्षेत्र की राजनीति में उनकी सक्रियता लगातार चर्चा का विषय बनी हुई है।




