
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय से मिले युवा नेता राहुल खटीक, बैकुंठपुर के विकास कार्यों को लेकर रखी अहम मांगें
लाल दास महंत कल्ला की रिपोर्ट
रायपुर। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री से रायपुर स्थित मुख्यमंत्री निवास में भाजपा युवा नेता राहुल खटीक ने सौजन्य मुलाकात की। इस दौरान बैकुंठपुर नगर के विकास एवं जनहित से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तारपूर्वक चर्चा हुई।
मुलाकात के दौरान राहुल खटीक ने बैकुंठपुर नगर में लगातार बढ़ रहे यातायात दबाव को देखते हुए प्रमुख मार्गों के सड़क चौड़ीकरण की आवश्यकता पर मुख्यमंत्री का ध्यान आकर्षित किया। उन्होंने कहा कि नगर के सुव्यवस्थित विकास एवं आवागमन को सुगम बनाने के लिए सड़क विस्तार समय की प्रमुख आवश्यकता बन गई है।
इसके अलावा राहुल खटीक ने बैकुंठपुर में प्रस्तावित लॉजिस्टिक पार्क परियोजना के संबंध में भी मुख्यमंत्री से चर्चा की। उन्होंने बताया कि केंद्र सरकार से सहमति प्राप्त होने के बाद अब राज्य शासन स्तर पर आवश्यक स्वीकृति प्रदान किए जाने से क्षेत्र में रोजगार और व्यापारिक गतिविधियों को नई गति मिल सकती है।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने सभी विषयों को गंभीरता एवं संवेदनशीलता के साथ सुना तथा बैकुंठपुर क्षेत्र के विकास के लिए सकारात्मक पहल करने का आश्वासन दिया। इस अवसर पर राहुल खटीक को मुख्यमंत्री का मार्गदर्शन एवं आशीर्वाद भी प्राप्त हुआ।

राहुल खटीक ने कहा कि वे बैकुंठपुर के समग्र विकास, आधारभूत सुविधाओं के विस्तार तथा जनहित से जुड़े मुद्दों को लेकर लगातार प्रयासरत हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में बैकुंठपुर क्षेत्र के विकास कार्यों को नई गति और नई दिशा मिलेगी।




