
आपातकाल भारतीय लोकतंत्र का सबसे काला अध्याय, नई पीढ़ी को जानना होगा सच : ललन प्रताप सिंह..संविधान हत्या दिवस पर भाजपा की प्रेस वार्ता, लोकतंत्र सेनानियों को दी श्रद्धांजलि
लाल दास महंत कल्ला की रिपोर्ट
बैकुंठपुर/24 जून 2026 – भारतीय जनता पार्टी जिला कोरिया द्वारा आपातकाल की 50वीं वर्षगांठ के अवसर पर जिला मुख्यालय बैकुंठपुर में “संविधान हत्या दिवस” विषय पर प्रेस वार्ता का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में भाजपा जिला प्रभारी ललन प्रताप सिंह ने आपातकाल को भारतीय लोकतंत्र के इतिहास का सबसे काला अध्याय बताते हुए इसे संविधान और नागरिक अधिकारों पर सबसे बड़ा प्रहार कहा।
प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए श्री सिंह ने कहा कि 25 जून 1975 को तत्कालीन कांग्रेस सरकार द्वारा लगाए गए आपातकाल के दौरान लोकतांत्रिक संस्थाओं को कमजोर किया गया, प्रेस की स्वतंत्रता पर प्रतिबंध लगाए गए और हजारों विपक्षी नेताओं व राजनीतिक कार्यकर्ताओं को जेलों में बंद कर दिया गया। उन्होंने कहा कि उस दौर में देशभर में भय और दमन का वातावरण बना दिया गया था।
उन्होंने लोकतंत्र की रक्षा के लिए संघर्ष करने वाले लोकतंत्र सेनानियों को नमन करते हुए कहा कि अनेक लोगों ने यातनाएं सहकर भी लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा के लिए संघर्ष जारी रखा। भाजपा ऐसे सभी ज्ञात-अज्ञात लोकतंत्र सेनानियों को श्रद्धांजलि अर्पित करती है।
श्री सिंह ने कहा कि नई पीढ़ी को आपातकाल के वास्तविक इतिहास से परिचित कराना आवश्यक है, ताकि भविष्य में लोकतंत्र पर किसी भी प्रकार का संकट आने पर समाज सजग और जागरूक रह सके। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री Narendra Modi के नेतृत्व में देश लोकतांत्रिक मूल्यों को और अधिक सशक्त बनाने तथा संविधान की गरिमा एवं नागरिक अधिकारों की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है।
प्रेस वार्ता में भाजपा जिला महामंत्री पंकज गुप्ता, कपिल जायसवाल, नगर पालिका परिषद बैकुंठपुर की अध्यक्ष नविता शिवहरे, भाजपा नगर मंडल अध्यक्ष अनिल खटिक, वरिष्ठ कार्यकर्ता भानुपाल सिंह, सुभाष साहू तथा जिला मीडिया सह प्रभारी वर्षा साहू सहित अन्य पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के अंत में लोकतंत्र की रक्षा के लिए संघर्ष करने वाले सभी लोकतंत्र सेनानियों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए संविधान और लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा का सामूहिक संकल्प लिया गया।



