
नगरपालिका की बदहाल व्यवस्था पर कांग्रेस का अल्टीमेटम, 10 दिन में समाधान नहीं तो होगा धरना-प्रदर्शन
अनूप बड़ेरिया
शिवपुर चरचा/कोरिया। ब्लॉक कांग्रेस कमेटी शिवपुर चरचा ने नगर पालिका क्षेत्र की विभिन्न जनसमस्याओं को लेकर मुख्य नगरपालिका अधिकारी को ज्ञापन सौंपते हुए 10 दिनों के भीतर समाधान की मांग की है। कांग्रेस ने चेतावनी दी है कि यदि तय समय सीमा में समस्याओं का निराकरण नहीं हुआ तो नगर पालिका प्रशासन के खिलाफ धरना-प्रदर्शन एवं आंदोलन किया जाएगा।
ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष अजीत लकड़ा के नेतृत्व में दिए गए ज्ञापन में कहा गया है कि बारिश के मौसम में नगर पालिका क्षेत्र की समस्याएं और गंभीर हो गई हैं। शहर के कई वार्डों में कचरा फैला हुआ है, नालियां जाम हैं, जिससे मच्छरों का प्रकोप बढ़ रहा है। लगातार बिजली कटौती के कारण पेयजल आपूर्ति प्रभावित हो रही है, इसलिए खराब पड़े 50 से 60 एचपी के पंपों को तत्काल बदलने की मांग की गई है।

ज्ञापन में नगर पालिका कर्मचारियों को बारिश में कार्य करने के लिए रेनकोट उपलब्ध कराने, खराब स्ट्रीट लाइटों की तत्काल मरम्मत एवं आवश्यकता पड़ने पर नई स्ट्रीट लाइट लगाने, कर्मचारियों को नियमित वेतन भुगतान तथा सभी वार्डों में मच्छरनाशक दवा का छिड़काव कराने की भी मांग की गई है।
कांग्रेस ने स्पष्ट किया है कि यदि 10 दिनों के भीतर इन समस्याओं का समाधान नहीं किया गया तो नगर पालिका प्रशासन के खिलाफ व्यापक जनआंदोलन किया जाएगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी नगर पालिका प्रशासन की होगी।
ज्ञापन देने के दौरान अजीत लकड़ा (ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष),अजीत लकड़ा, जागृत कुर्रे, अनिल सिंह, रामाधार, शोहेल अहमद, राजा चंद्रा, राजू पासवान, काजू सिंह, सुमन दुबे, श्रवण सिंह, प्रदीप राजवाड़े, मोहम्मद लाल, राजू मोदी,सावन, सागर कांग्रेस जन उपस्थित सहित कांग्रेस कार्यकर्ता एवं पदाधिकारी मौजूद रहे।




