पूर्व विधायक कमरो का बड़ा बयान-“मनेन्द्रगढ़ मेडिकल कॉलेज की नींव भूपेश सरकार ने रखी, वर्षों की मेहनत लाई रंग… NMC से मिली 50 सीटों की मंजूरी”
2020 में मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की घोषणा से शुरू हुई प्रक्रिया, चिकित्सा शिक्षा विभाग के लगातार स्मरण पत्रों और दस्तावेजों से तेज हुई कवायद, अब मिला मेडिकल कॉलेज का तोहफा
अनूप बड़ेरिया
कोरिया/मनेन्द्रगढ़। मनेन्द्रगढ़ मेडिकल कॉलेज को राष्ट्रीय चिकित्सा आयोग (NMC) से 50 एमबीबीएस सीटों की स्वीकृति मिलने के बाद इसकी शुरुआत को लेकर राजनीतिक चर्चा तेज हो गई है। इस बीच सामने आए पूर्व विधायक गुलाब कमरो ने सरकारी दस्तावेज सामने लाकर बताया कि मेडिकल कॉलेज की स्थापना की प्रक्रिया तत्कालीन कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में शुरू हुई थी।
पूर्व विधायक भरतपुर-सोनहत गुलाब कमरो के मुताबिक, 11 और 12 दिसंबर 2020 को तत्कालीन मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के कोरिया प्रवास के दौरान मनेन्द्रगढ़ में मेडिकल कॉलेज की घोषणा की गई थी। इसके बाद चिकित्सा शिक्षा विभाग ने जिला प्रशासन को लगातार पत्र, स्मरण पत्र और तृतीय स्मरण पत्र जारी कर मेडिकल कॉलेज के लिए भूमि चयन, निरीक्षण प्रतिवेदन और आवश्यक दस्तावेज तत्काल उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
पूर्व विधायक ने कहा कि 2 सितंबर 2021, 11 अक्टूबर 2021, 16 फरवरी 2022 और 10 मई 2022 को चिकित्सा शिक्षा विभाग ने कलेक्टर कोरिया को लगातार पत्र भेजकर प्रस्ताव की कार्रवाई में तेजी लाने को कहा। इसके बाद 12 सितंबर 2022 को जिला प्रशासन द्वारा मेडिकल कॉलेज हेतु प्रस्तावित भूमि से जुड़े राजस्व दस्तावेज चिकित्सा शिक्षा संचालनालय को भेजे गए।
उन्होंने बताया कि तत्कालीन विधानसभा अध्यक्ष डॉ. चरणदास महंत, तत्कालीन सांसद ज्योत्सना महंत तथा तत्कालीन राज्य सरकार के निरंतर प्रयासों से मेडिकल कॉलेज का प्रस्ताव केंद्र सरकार को भेजा गया। लंबी प्रशासनिक प्रक्रिया पूरी होने के बाद अब राष्ट्रीय चिकित्सा आयोग (NMC) ने मनेन्द्रगढ़ मेडिकल कॉलेज में 50 एमबीबीएस सीटों की स्वीकृति प्रदान कर दी है।
इस उपलब्धि पर क्षेत्रवासियों ने इसे ऐतिहासिक कदम बताया है। साथ ही केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री, राज्य स्वास्थ्य मंत्री एवं सांसद ज्योत्सना महंत के प्रति भी आभार व्यक्त किया गया है। मेडिकल कॉलेज शुरू होने से मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर तथा कोरिया जिले सहित आसपास के क्षेत्रों के विद्यार्थियों और मरीजों को उच्च स्तरीय चिकित्सा शिक्षा एवं स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ मिलने की उम्मीद है।




