
“राम मंदिर चढ़ावा विवाद पर कांग्रेस का हमला: आस्था से खिलवाड़ का लगाया आरोप, निष्पक्ष जांच और एफआईआर की उठाई मांग”
बैकुंठपुर में कांग्रेस की पत्रकारवार्ता, प्रधानमंत्री से मांगा जवाब, ट्रस्ट की कार्यप्रणाली पर उठाए सवाल
लाल दास महंत कल्ला की रिपोर्ट
बैकुंठपुर/कोरिया। अयोध्या स्थित श्रीराम मंदिर में कथित चढ़ावा चोरी और वित्तीय अनियमितताओं के आरोपों को लेकर शुक्रवार को राजीव भवन, कांग्रेस कार्यालय बैकुंठपुर में जिला कांग्रेस कमेटी द्वारा पत्रकारवार्ता आयोजित की गई। पत्रकारवार्ता में कांग्रेस नेताओं ने इस मामले को करोड़ों रामभक्तों की आस्था से जुड़ा गंभीर विषय बताते हुए निष्पक्ष एवं पारदर्शी जांच की मांग की।
जिला कांग्रेस अध्यक्ष एवं कोरिया प्रभारी प्रदीप गुप्ता ने कहा कि भगवान श्रीराम के मंदिर निर्माण के लिए देशभर के श्रद्धालुओं ने अपनी श्रद्धा और मेहनत की कमाई से चंदा दिया था। यदि चढ़ावे और मंदिर ट्रस्ट के वित्तीय प्रबंधन में किसी प्रकार की अनियमितता हुई है तो इसकी निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए।
उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से इस पूरे मामले पर जवाब देने की मांग करते हुए कहा कि देश जानना चाहता है कि इस प्रकरण पर अब तक मौन क्यों साधा गया है। उन्होंने ट्रस्ट से जुड़े शीर्ष पदाधिकारियों की जवाबदेही तय करने, कथित अनियमितताओं में शामिल लोगों के विरुद्ध एफआईआर दर्ज करने तथा सर्वोच्च न्यायालय की निगरानी में जांच कराने की मांग रखी।
कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि यदि पूरे ट्रस्ट की कार्यप्रणाली पर सवाल उठ रहे हैं तो केवल छोटे कर्मचारियों पर कार्रवाई पर्याप्त नहीं है। पार्टी ने राम मंदिर ट्रस्ट के सभी वित्तीय लेन-देन, चंदे, चढ़ावे, भूमि खरीद और व्यय का स्वतंत्र फॉरेंसिक ऑडिट कर उसकी रिपोर्ट सार्वजनिक करने की भी मांग की।
प्रदीप गुप्ता ने कहा कि “भगवान राम किसी राजनीतिक दल की संपत्ति नहीं, बल्कि करोड़ों भारतीयों की आस्था के प्रतीक हैं। उनकी आस्था से जुड़े धन के कथित दुरुपयोग के आरोपों की निष्पक्ष जांच होना आवश्यक है। कांग्रेस किसी धर्म के विरुद्ध नहीं, बल्कि पारदर्शिता, जवाबदेही और श्रद्धालुओं के विश्वास की रक्षा के पक्ष में खड़ी है।”
पत्रकारवार्ता में पीसीसी सदस्य योगेश शुक्ला, पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष एवं जिला कांग्रेस कोषाध्यक्ष अशोक जायसवाल, महामंत्री बृजवासी तिवारी, शैलेन्द्र सिंह, अजय सिंह, नगर पालिका उपाध्यक्ष आशीष यादव, सुरेंद्र तिवारी, विकास श्रीवास्तव, स्वतंत्र महोबिया, राजीव गुप्ता, सौरभ गुप्ता सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।




