
‘पूजा को न्याय दो’ की गूंज: कुमार चौक में उमड़ा जनसैलाब, श्रद्धांजलि सभा में दो आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी की उठी मांग
दो मिनट का मौन रखकर दी श्रद्धांजलि, परिजनों व समाजजनों ने न्याय मिलने तक संघर्ष जारी रखने का लिया संकल्प
लाल दास महंत कल्ला की रिपोर्ट
कोरिया/बैकुंठपुर। आईसी मार्ट प्रकरण में कथित प्रताड़ना के बाद आत्महत्या करने वाली 17 वर्षीय बालिका स्वर्गीय पूजा पैकरा को न्याय दिलाने की मांग लगातार तेज होती जा रही है। इसी क्रम में शुक्रवार शाम बैकुंठपुर के हृदय स्थल कुमार चौक में श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया, जहां बड़ी संख्या में समाजजन, परिजन और नागरिक एकत्र हुए। सभी ने दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत पूजा पैकरा को श्रद्धांजलि अर्पित की और आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की।
सभा में वक्ताओं ने कहा कि घटना के बाद मुख्य आरोपी विनोद बैद की गिरफ्तारी हो चुकी है, लेकिन एक सप्ताह बीत जाने के बावजूद मामले के दो अन्य आरोपी अब भी पुलिस गिरफ्त से बाहर हैं। इसे लेकर परिजनों और आम नागरिकों में गहरा आक्रोश है। उपस्थित लोगों ने पुलिस प्रशासन से शेष आरोपियों को तत्काल गिरफ्तार कर निष्पक्ष एवं त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने की मांग की।
श्रद्धांजलि सभा में कंवर समाज के जिला अध्यक्ष मनियार सिंह आयुष, प्रदेश अध्यक्ष मिंटू सिंह, जिलाध्यक्ष सनी पैकरा, सर्व आदिवासी समाज के जिला अध्यक्ष विजय सिंह, विजय सिंह ठाकुर, आर.एस. चंदे, विश्वास भगत, रवि शंकर राजवाड़े, रविंद्र सिंह सहित विभिन्न सामाजिक संगठनों के पदाधिकारी, सरपंचगण, पुलिस लाइन के परिवारजन तथा बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित लोगों ने एक स्वर में कहा कि जब तक सभी आरोपियों की गिरफ्तारी और पीड़ित परिवार को न्याय नहीं मिलता, तब तक न्याय की यह आवाज बुलंद होती रहेगी। श्रद्धांजलि सभा में मौजूद लोगों ने स्वर्गीय पूजा पैकरा की आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना करते हुए न्याय की लड़ाई में परिवार के साथ खड़े रहने का संकल्प भी दोहराया।




