पदभार संभालते ही एक्शन मोड में एसपी हरीश राठौर, नौगई हत्याकांड के घटनास्थल का किया निरीक्षण, सोनहत थाना पहुंचकर दिए सख्त निर्देश
लंबित मामलों के त्वरित निराकरण, फरार आरोपियों की गिरफ्तारी, रात्रि गश्त और कानून व्यवस्था को मजबूत करने पर दिया विशेष जोर
कोरिया/सोनहत। नव पदस्थ पुलिस अधीक्षक हरीश राठौर (भा.पु.से.) ने पदभार ग्रहण करने के बाद अपने प्रथम आकस्मिक दौरे में थाना सोनहत का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने चर्चित नौगई हत्याकांड के घटनास्थल का भी जायजा लिया और मामले की विवेचना एवं प्रगति की विस्तृत जानकारी अधिकारियों से प्राप्त की। निरीक्षण के दौरान उन्होंने पुलिस अधिकारियों को निष्पक्ष, गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध जांच सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

इसके बाद पुलिस अधीक्षक ने थाना सोनहत का निरीक्षण करते हुए थाना परिसर, मालखाना, शस्त्रागार, हवालात, सीसीटीएनएस कक्ष, अभिलेखों तथा अन्य व्यवस्थाओं का अवलोकन किया। उन्होंने थाना क्षेत्र की भौगोलिक स्थिति की जानकारी लेते हुए कानून-व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान एसपी राठौर ने थाना परिसर की स्वच्छता, अभिलेखों के सुव्यवस्थित संधारण, लंबित अपराध, शिकायत, मर्ग एवं गुमशुदगी प्रकरणों के शीघ्र निराकरण पर विशेष जोर दिया। साथ ही गंभीर अपराधों की गुणवत्तापूर्ण विवेचना, किरायेदारों का शत-प्रतिशत सत्यापन तथा संवेदनशील ग्राम कटगोड़ी का नियमित भ्रमण कर सरपंच से सतत संपर्क बनाए रखने के निर्देश दिए।
उन्होंने थाना स्टाफ को फरियादियों के साथ संवेदनशील, शालीन एवं सम्मानजनक व्यवहार करने, प्रत्येक शिकायत का त्वरित एवं निष्पक्ष निराकरण सुनिश्चित करने तथा महिला, बालक एवं वरिष्ठ नागरिकों से जुड़े मामलों में विशेष संवेदनशीलता बरतने के निर्देश भी दिए।
पुलिस अधीक्षक ने अपराध नियंत्रण, नियमित ग्राम भ्रमण, रात्रि गश्त, स्थायी वारंटों की तामीली, फरार आरोपियों की गिरफ्तारी, नशे के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई, गुंडा एवं बदमाश तत्वों पर सतत निगरानी तथा यातायात व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने पर विशेष बल दिया।
भ्रमण के अंत में एसपी हरीश राठौर ने सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों से अनुशासन, पारदर्शिता, जवाबदेही और टीम भावना के साथ कार्य करने का आह्वान करते हुए कहा कि आमजन में सुरक्षा, विश्वास और कानून के प्रति सम्मान का वातावरण बनाए रखना पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए।
इस अवसर पर उप पुलिस अधीक्षक श्याम मधुकर, थाना प्रभारी, विवेचकगण एवं थाना सोनहत का समस्त स्टाफ उपस्थित रहा।




