
डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के 125वें स्मरण दिवस पर भाजपा का आयोजन, राष्ट्रवाद और अखंड भारत के संकल्प को किया याद
लाल दास महंत कल्ला की रिपोर्ट
कोरिया/बैकुंठपुर। जिला मुख्यालय स्थित सांस्कृतिक भवन में भारतीय जनता पार्टी द्वारा डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी का 125वां स्मरण दिवस श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों ने डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी, भारत माता एवं पंडित दीनदयाल उपाध्याय के छायाचित्र पर दीप प्रज्ज्वलित कर एवं पुष्पांजलि अर्पित कर किया।
कार्यक्रम में संभागीय संगठन प्रभारी अवधेश चंदेल, जिला संगठन प्रभारी ललन प्रताप सिंह, विधायक भैयालाल राजवाड़े, एमसीबी जिला संगठन प्रभारी बाबूलाल अग्रवाल, भाजपा जिलाध्यक्ष देवेंद्र तिवारी, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य कृष्ण बिहारी जायसवाल, केंद्रीय सहकारी बैंक के उपाध्यक्ष जगदीश साहू, जिला पंचायत उपाध्यक्ष वंदना राजवाड़े सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि एवं पार्टी पदाधिकारी उपस्थित रहे।
संभागीय संगठन प्रभारी अवधेश चंदेल ने कहा कि वर्ष 1953 में डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के सर्वोच्च बलिदान के बाद जनसंघ की विचारधारा पंडित दीनदयाल उपाध्याय, अटल बिहारी वाजपेयी और लालकृष्ण आडवाणी जैसे नेताओं के नेतृत्व में आगे बढ़ी। वर्ष 1980 में भारतीय जनता पार्टी का गठन जनसंघ के उत्तराधिकारी के रूप में हुआ और आज भाजपा उन्हीं राष्ट्रवादी मूल्यों को आगे बढ़ा रही है। उन्होंने कहा कि एक राष्ट्र, एक संविधान, स्वदेशी, सांस्कृतिक राष्ट्रवाद और एकात्म मानववाद जैसे सिद्धांत आज भी भाजपा की आधारशिला हैं।
उन्होंने कहा कि वर्ष 2026 में डॉ. मुखर्जी के 125वें स्मरण वर्ष के अवसर पर देश उनके कई सपनों को साकार होते देख रहा है। अनुच्छेद 370 हटने के बाद जम्मू-कश्मीर भारत का पूर्ण अभिन्न अंग बन चुका है और देश आत्मनिर्भर भारत की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है।
जिला संगठन प्रभारी ललन प्रताप सिंह ने कहा कि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी राष्ट्रनिर्माण, सांस्कृतिक राष्ट्रवाद और भारत की अखंडता के प्रतीक हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में अनुच्छेद 370 हटाकर डॉ. मुखर्जी के संकल्प को साकार किया गया।
विधायक भैयालाल राजवाड़े ने कहा कि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी को सच्ची श्रद्धांजलि तभी होगी, जब उनके सपनों के अनुरूप एक मजबूत, समृद्ध और आत्मनिर्भर भारत के निर्माण का संकल्प निरंतर आगे बढ़ाया जाए।
भाजपा जिलाध्यक्ष देवेंद्र तिवारी ने कहा कि भारतीय जनसंघ की स्थापना दिल्ली में हुई थी और वहीं से राष्ट्रवादी विचारधारा की नींव रखी गई, जो आज भारतीय जनता पार्टी के रूप में विश्व के सबसे बड़े राजनीतिक संगठन के रूप में स्थापित है। उन्होंने कहा कि सांस्कृतिक राष्ट्रवाद, राष्ट्रीय एकता, स्वदेशी और तुष्टिकरण के विरोध जैसे मूल्यों को भाजपा आज भी अपनी नीतियों का आधार मानकर आगे बढ़ रही है।

कार्यक्रम में जिला मंत्री शारदा गुप्ता, जिला कार्यालय मंत्री मंजू जीवनानी, जिला मीडिया प्रभारी तीरथ राजवाड़े, जिला सह सोशल मीडिया प्रभारी राकेश गुप्ता, मंडल अध्यक्षों, विभिन्न मोर्चों के जिलाध्यक्षों, जनप्रतिनिधियों एवं बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ताओं की उपस्थिति रही। कार्यक्रम का समापन डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के राष्ट्रहित में दिए गए योगदान को स्मरण करते हुए उनके आदर्शों पर चलने के संकल्प के साथ हुआ।




