♦इस खबर को आगे शेयर जरूर करें ♦

आईसी मार्ट की कथित प्रताड़ना बनी मौत की वजह? 17 वर्षीय छात्रा ने लगाई फांसी, सुसाइड नोट मिलने से मचा हड़कंप

कॉस्मेटिक सामान के विवाद के बाद कथित रूप से ₹50 हजार की मांग का आरोप, पुलिस ने आईसी मार्ट सील किया; एफएसएल जांच के बाद होगी आगे की कार्रवाई

अनूप बड़ेरिया

कोरिया/बैकुंठपुर। कोरिया जिला मुख्यालय बैकुंठपुर स्थित पुलिस लाइन से एक बेहद दर्दनाक और संवेदनशील व मानवता को झंझोर देने वाला मामला सामने आया है। पुलिस लाइन निवासी प्रधान आरक्षक शिवनाथ सिंह पैकरा की 17 वर्षीय पुत्री रितु सिंह ने बुधवार दोपहर अपने सरकारी आवास में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद पूरे पुलिस महकमे और शहर में शोक तथा सनसनी का माहौल है।

पुलिस सूत्रों के अनुसार, मृतका एक दिन पहले शहर के आईसी मार्ट में खरीदारी करने गई थी। इस दौरान उस पर लगभग कथित 1,500 रुपये मूल्य का कॉस्मेटिक सामान बिना भुगतान के अपने पास रखने का आरोप लगा। बताया जा रहा है कि दुकान संचालक ने छात्रा को डांट-फटकार लगाई, उससे एक कागज पर कुछ लिखवाया तथा उसकी स्कूटी अपने पास रख ली।

डर के कारण छात्रा ने यह बात सीधे अपने पिता को न बताकर परिचित पुलिसकर्मियों को बताई। इसके बाद पुलिसकर्मी आईसी मार्ट पहुंचे, जहां कथित रूप से दुकान संचालक द्वारा पहले 20 हजार रुपये की मांग किए जाने का आरोप है। पुलिसकर्मियों ने स्कूटी लौटाने का आग्रह किया, लेकिन संचालक ने कथित तौर पर स्कूटी कहीं और भेजे जाने की बात कहते हुए अगले दिन देने की बात कही।

इसके बाद प्रधान आरक्षक शिवनाथ सिंह पैकरा स्वयं आज सुबह दुकान पहुंचे। आरोप है कि इस दौरान दुकान संचालक ने स्कूटी लौटाने के एवज में 50 हजार रुपये की मांग की। प्रधान आरक्षक ने अपनी आर्थिक स्थिति बताते हुए पत्नी के आने के बाद राशि की व्यवस्था करने की बात कही, लेकिन बिना पैसे स्कूटी लौटाने से कथित तौर पर इनकार कर दिया गया।

बताया जा रहा है कि प्रधान आरक्षक ने इस पूरे घटनाक्रम की जानकारी फोन पर अपनी पत्नी को दी। वहीं, जब इस मामले की जानकारी छात्रा को हुई तो वह मानसिक रूप से बेहद परेशान और भयभीत हो गई। दोपहर करीब 2 बजे, जब उसके पिता अपनी पत्नी को बस स्टैंड से लेने गए हुए थे, उसी दौरान छात्रा ने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।

घटना स्थल से एक सुसाइड नोट भी मिलने की जानकारी सामने आई है, जिसकी जांच पुलिस कर रही है। हालांकि, पुलिस ने अभी तक सुसाइड नोट की आधिकारिक सामग्री सार्वजनिक नहीं की है।

घटना की सूचना मिलते ही सिटी कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई के बाद आईसी मार्ट को सील कर दिया। मामले की गंभीरता को देखते हुए एफएसएल टीम को भी जांच के लिए बुलाया गया है।

थाना प्रभारी राजेश तिवारी ने बताया कि फिलहाल दुकान को सील कर दिया गया है। एफएसएल की टीम दुकान पहुंचकर सीसीटीवी फुटेज सहित अन्य साक्ष्यों की जांच करेगी। जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

नोट: इस समाचार में दुकान संचालक पर लगाए गए आरोप संबंधित पक्षों के कथित आरोप हैं। मामले की जांच जारी है और अंतिम निष्कर्ष पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट होंगे।

 

व्हाट्सप्प आइकान को दबा कर इस खबर को शेयर जरूर करें

Please Share This News By Pressing Whatsapp Button



स्वतंत्र और सच्ची पत्रकारिता के लिए ज़रूरी है कि वो कॉरपोरेट और राजनैतिक नियंत्रण से मुक्त हो। ऐसा तभी संभव है जब जनता आगे आए और सहयोग करे

जवाब जरूर दे 

[poll]

Related Articles

Back to top button
Don`t copy text!
Close