आईसी मार्ट मामला:: पूजा पैकरा को न्याय दिलाने उमड़ा पुलिस परिवार, थाने का घेराव; FIR दर्ज, आरोपी की गिरफ्तारी तक आंदोलन की चेतावनी
पोस्टमार्टम रोकने पर अड़ीं सैकड़ों महिलाएं, विधायक भैयालाल राजवाड़े पहुंचे अस्पताल व कोतवाली; दोषी पर कड़ी कार्रवाई का दिलाया भरोसा
अनूप बड़ेरिया
कोरिया/बैकुंठपुर। जिला मुख्यालय बैकुंठपुर में 17 वर्षीय पूजा (रितु सिंह) की आत्महत्या की हृदय विदारक घटना के बाद गुरुवार को पुलिस परिवार का आक्रोश खुलकर सामने आया। सैकड़ों की संख्या में पुलिस परिवार की महिलाओं ने सिटी कोतवाली का घेराव कर आरोपी की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की। महिलाओं ने साफ कहा कि जब तक आरोपी की गिरफ्तारी नहीं होगी, तब तक मृतक छात्रा के शव का पोस्टमार्टम नहीं कराया जाएगा।
प्रदर्शन के दौरान माहौल काफी भावुक और तनावपूर्ण रहा। मौके पर पहुंचे अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुरेशा चौबे ने महिलाओं को समझाइश देते हुए बताया कि आरोपी फरार है, उसका मोबाइल फोन बंद है तथा पुलिस उसकी तलाश में लगातार दबिश दे रही है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

महिलाओं के भारी दबाव और परिजनों की मांग के बाद पुलिस ने आईसी मार्ट के संचालक के विरुद्ध प्रकरण दर्ज कर लिया। एफआईआर दर्ज होने की जानकारी मिलते ही प्रदर्शन कर रही महिलाओं ने आरोपी की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग दोहराई।
आक्रोशित महिलाओं ने कहा कि आईसी मार्ट को दोबारा कभी नहीं खुलने दिया जाएगा। उन्होंने मांग की कि आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर कानून के अनुसार कड़ी से कड़ी सजा दी जाए। प्रदर्शन के दौरान कुछ लोगों ने आरोपी को फांसी देने की मांग भी उठाई।

पुलिस लाइन की महिला पार्षद ललिता सिंह ने कहा कि एक ओर सरकार “बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ” का नारा देती है, वहीं दूसरी ओर बेटियों के साथ ऐसी घटनाएं समाज के लिए बेहद पीड़ादायक और चिंताजनक हैं। उन्होंने दोषी के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग की।
घटना की सूचना मिलते ही रायपुर से लौटे स्थानीय विधायक भैयालाल राजवाड़े सीधे जिला अस्पताल पहुंचे, जहां उन्होंने मृतक छात्रा की मां और परिजनों से मुलाकात कर उन्हें सांत्वना दी। बताया गया कि बेटी की मौत के सदमे से मां की मानसिक स्थिति बिगड़ गई, जिसके बाद उन्हें आईसीयू में भर्ती कराया गया।

वीडियो-https://youtu.be/4qZvwfMoTBE?si=dk-dkxJNA2zBxrbd
अस्पताल से विधायक भैयालाल राजवाड़े सिटी कोतवाली पहुंचे, जहां उन्होंने प्रदर्शन कर रही महिलाओं से चर्चा की। उन्होंने कहा कि कानून से ऊपर कोई नहीं है और आरोपी चाहे कोई भी हो, उसे बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने पुलिस परिवार को आश्वस्त किया कि दोषी के विरुद्ध सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित कराई जाएगी।
इस दौरान जिला पंचायत अध्यक्ष मोहित राम तथा पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष शैलेश शिवहरे भी सिटी कोतवाली पहुंचे और पुलिस परिवार के आंदोलन का समर्थन किया। दोनों जनप्रतिनिधियों ने घटना की निष्पक्ष जांच कर दोषी को कठोर दंड दिलाने की मांग की। इस पूरे मामले में गोंडवाना गणतंत्र पार्टी के अध्यक्ष संजय कमरों व नितेश पांडे ने भी कोरिया पुलिस अधीक्षक को पत्र लिखकर इस पूरे मामले में कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
फिलहाल पूरे मामले में पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी हुई है। मामले की जांच जारी है और पुलिस का कहना है कि उपलब्ध साक्ष्यों तथा जांच के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
यह था मामला-
मृतका पूजा (रितु) सिंह अपनी छोटी बहन के साथ दो दिन पहले शहर के आईसी मार्ट में खरीदारी करने गई थी। इस दौरान उस पर लगभग 1,500 रुपये मूल्य का कॉस्मेटिक सामान बिना भुगतान के अपने पास रखने का आरोप लगा। बताया जा रहा है कि दुकान संचालक ने छात्रा को डांट-फटकार लगाई, उससे एक कागज सामानों की चोरी की बात लिखवाई तथा उसकी स्कूटी अपने पास रख ली।
डर के कारण छात्रा ने यह बात सीधे अपने पिता को न बताकर परिचित ASI को बताई। इसके बाद ASI आईसी मार्ट पहुंचे, जहां कथित रूप से दुकान संचालक द्वारा पहले 20 हजार रुपये की मांग किए जाने का आरोप है। पुलिसकर्मी ने स्कूटी लौटाने का आग्रह किया, लेकिन संचालक ने कथित तौर पर स्कूटी कहीं और भेजे जाने की बात कहते हुए अगले दिन देने की बात कही।
इसके बाद बच्ची के पिता आरक्षक शिवनाथ सिंह पैकरा स्वयं गुरुवार सुबह दुकान पहुंचे। आरोप है कि इस दौरान दुकान संचालक ने स्कूटी लौटाने के एवज में 50 हजार रुपये की मांग की। आरक्षक ने अपनी आर्थिक स्थिति बताते हुए पत्नी के आने के बाद राशि की व्यवस्था करने की बात कही, लेकिन बिना पैसे स्कूटी लौटाने से कथित तौर पर इनकार कर दिया गया।
बताया जा रहा है कि आरक्षक ने इस पूरे घटनाक्रम की जानकारी फोन पर अपनी पत्नी को दी। वहीं, जब इस मामले की जानकारी छात्रा को हुई तो वह मानसिक रूप से बेहद परेशान और भयभीत हो गई। दोपहर करीब 2 बजे, जब उसके पिता अपनी पत्नी को बस स्टैंड से लेने गए हुए थे, उसी दौरान छात्रा ने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतक बच्ची आत्मानंद स्कूल बैकुंठपुर की छात्रा थी।
सबंधित खबर::-
*आईसी मार्ट की कथित प्रताड़ना बनी मौत की वजह? 17 वर्षीय छात्रा ने लगाई फांसी, सुसाइड नोट मिलने से मचा हड़कंप* https://page11news.com/49996/
आईसी मार्ट की कथित प्रताड़ना बनी मौत की वजह? 17 वर्षीय छात्रा ने लगाई फांसी, सुसाइड नोट मिलने से मचा हड़कंप https://page11news.com/49996/




