
अवैध शराब के खिलाफ आबकारी विभाग का बड़ा शिकंजा, 11 लीटर महुआ शराब जब्त
30 किलो महुआ लाहन भी बरामद, आरोपी उमेश कश्यप न्यायिक अभिरक्षा में भेजा गया जेल
कोरिया, 11 अगस्त 2026। जिले में अवैध शराब के निर्माण, बिक्री और परिवहन के खिलाफ आबकारी विभाग ने कार्रवाई तेज कर दी है। कलेक्टर श्रीमती रोक्तिमा यादव के निर्देश पर चलाए जा रहे अभियान के तहत बैकुंठपुर क्षेत्र के जूनापारा में आबकारी विभाग की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक मकान से 11 लीटर अवैध महुआ शराब और 30 किलोग्राम महुआ लाहन बरामद किया।
आबकारी विभाग की टीम ने जूनापारा निवासी उमेश कश्यप पिता गोपीराम, उम्र 50 वर्ष के मकान की जांच की। तलाशी के दौरान जरीकेन में 5 लीटर, दो बोतलों में 4 लीटर तथा एक डिब्बे में 2 लीटर महुआ शराब मिली। मौके से शराब बनाने में प्रयुक्त 30 किलोग्राम महुआ लाहन भी जब्त किया गया।
आरोपी के विरुद्ध आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया। कार्रवाई के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।
जिले में अवैध शराब के कारोबार पर लगाम लगाने के लिए आबकारी विभाग द्वारा लगातार कार्रवाई की जा रही है। विभाग की इस कार्रवाई से अवैध शराब का कारोबार करने वालों में हड़कंप की स्थिति है।




