घर में घुसकर दंपति से मारपीट और जान से मारने की धमकी, एक महीने से फरार आरोपी गिरफ्तार!
मोबाइल बंद कर और ठिकाने बदलकर पुलिस को दे रहा था चकमा, बैकुंठपुर पुलिस ने डबरीपारा से दबोचा; न्यायिक रिमांड पर भेजा गया आरोपी
अनूप बड़ेरिया
बैकुंठपुर/कोरिया। घर में घुसकर गाली-गलौज, मारपीट और जान से मारने की धमकी देने के मामले में बैकुंठपुर पुलिस ने करीब एक महीने से फरार चल रहे आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी गिरफ्तारी से बचने के लिए लगातार अपना मोबाइल बंद रख रहा था और निवास स्थान बदल-बदलकर लुक-छिप रहा था। आखिरकार पुलिस ने घेराबंदी कर उसे डबरीपारा से गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, प्रार्थिया शबाना खातून ने थाना बैकुंठपुर में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 12 अक्टूबर 2026 की रात करीब 9:30 बजे आरोपी मो. तनवीर उर्फ तन्नू (34 वर्ष), पिता मो. मुस्ताक, निवासी वार्ड क्रमांक 10 डबरीपारा, उसके घर में घुस आया। आरोपी ने घर में घुसकर गाली-गलौज करते हुए प्रार्थिया और उसके पति शाहिद अहमद के साथ मारपीट की तथा जान से मारने की धमकी दी। इस घटना में पति-पत्नी दोनों को चोटें आई थीं।
मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना बैकुंठपुर में अपराध क्रमांक 310/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 333, 296, 351(3) एवं 115(2) के अंतर्गत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना की जा रही थी।
घटना के बाद से ही आरोपी पुलिस की गिरफ्त से बचने के लिए फरार चल रहा था। बताया गया कि वह अपना मोबाइल फोन बंद रखता था और लगातार ठिकाने बदलकर छिप रहा था। पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई थी। इसी दौरान 17 नवंबर 2026 को पुलिस ने आरोपी को डबरीपारा से गिरफ्तार कर लिया।




