आदिवासियों की जमीन छीनने की तैयारी और मंच पर बिरसा मुंडा की जयकारी ! गुलाब कमरो ने भाजपा सरकार को ललकारा
“आदिवासियों के अधिकारों की अनदेखी कर कैसा जनजातीय गौरव दिवस?” पूर्व विधायक बोले– भगवान बिरसा मुंडा के नाम पर आयोजन नहीं, उनके विचारों पर अमल करे सरकार
अनूप बड़ेरिया
एमसीबी/धरमजयगढ़ (Page11News)। भगवान बिरसा मुंडा के आदर्शों और आदिवासी अधिकारों को लेकर छत्तीसगढ़ की भाजपा सरकार पर पूर्व विधायक गुलाब कमरो ने तीखा हमला बोला है। 15 नवंबर को धरमजयगढ़ में आयोजित होने वाले जनजातीय गौरव दिवस को लेकर उन्होंने सरकार की मंशा पर सवाल उठाते हुए कहा कि जब आदिवासी अपने जल-जंगल-जमीन और पुश्तैनी अधिकारों की रक्षा के लिए संघर्ष कर रहे हैं, तब उनकी आवाज को अनसुना कर भव्य आयोजन करना जनजातीय गौरव का वास्तविक सम्मान नहीं हो सकता।
पूर्व विधायक गुलाब कमरो ने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा जल-जंगल-जमीन और आदिवासी अधिकारों के महान रक्षक थे। उन्होंने अपना जीवन आदिवासी समाज के सम्मान, स्वाभिमान और अधिकारों की रक्षा के लिए समर्पित किया। लेकिन आज छत्तीसगढ़ की भाजपा सरकार आदिवासियों के अधिकारों की रक्षक बनने के बजाय उनके जल-जंगल-जमीन पर संकट खड़ा करने वाली सरकार बन गई है।
जमीन अधिग्रहण और जनसुनवाई पर उठाए सवाल
गुलाब कमरो ने कहा कि रायगढ़ और धरमजयगढ़ क्षेत्र में आदिवासी समुदाय अपनी जमीन, जंगल और पारंपरिक अधिकारों की रक्षा के लिए संघर्ष कर रहा है। कोयला खदानों के लिए जमीन अधिग्रहण और जनसुनवाई को लेकर स्थानीय आदिवासियों की गंभीर आपत्तियां सामने आ रही हैं। इसके बावजूद सरकार इन समस्याओं पर गंभीरता से ध्यान देने के बजाय भगवान बिरसा मुंडा के नाम पर भव्य आयोजन करने में जुटी हुई है।
उन्होंने सवाल उठाया कि जब आदिवासी अपनी पुश्तैनी जमीन और संवैधानिक अधिकारों को बचाने के लिए आंदोलनरत हैं, तब उनकी आपत्तियों और पीड़ा को नजरअंदाज कर किस गौरव का उत्सव मनाया जा रहा है?
मंच और भाषण से नहीं, अधिकारों की रक्षा से होगा बिरसा मुंडा का सम्मान
पूर्व विधायक ने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा का सम्मान केवल मंच सजाने, भाषण देने और जयंती मनाने तक सीमित नहीं होना चाहिए। उनके विचारों, संघर्षों और आदर्शों को धरातल पर उतारना ही सच्ची श्रद्धांजलि होगी।
उन्होंने भाजपा सरकार से मांग की कि जनजातीय गौरव दिवस के अवसर पर आदिवासी समाज की समस्याओं का समाधान किया जाए, जमीन अधिग्रहण और जनसुनवाई से जुड़े सवालों पर गंभीरता से विचार किया जाए तथा जल-जंगल-जमीन, आदिवासी संस्कृति और संवैधानिक अधिकारों की रक्षा सुनिश्चित की जाए।
“जल-जंगल-जमीन के रक्षक थे बिरसा, सरकार बन गई भक्षक”
गुलाब कमरो ने अपने तीखे बयान में कहा कि भगवान बिरसा मुंडा जल-जंगल-जमीन के रक्षक थे, लेकिन छत्तीसगढ़ की भाजपा सरकार आदिवासियों के जल-जंगल-जमीन की भक्षक बन गई है।
उन्होंने कहा कि जनजातीय गौरव दिवस तभी सार्थक होगा, जब आदिवासी समाज को उसकी जमीन, जंगल, संस्कृति और अधिकारों के साथ सम्मानपूर्वक जीने का वास्तविक अवसर मिलेगा।




