जनजातीय गौरव दिवस पर भाजपा का जनजागरण अभियान, 15 नवंबर को बिरसा मुंडा को देश करेगा नमन
11 से 18 नवंबर तक 239 जनजातीय जिलों और 568 एसटी विधानसभा क्षेत्रों में कार्यक्रम; विकास, सम्मान और आत्मनिर्भरता पर जोर
अनूप बड़ेरिया
बैकुंठपुर। भगवान बिरसा मुंडा की जयंती 15 नवंबर को जनजातीय गौरव दिवस के रूप में मनाई जाएगी। इस अवसर पर भारतीय जनता पार्टी द्वारा देशभर में 11 से 18 नवंबर तक व्यापक जनजातीय जनजागरण अभियान चलाया जा रहा है। जिला पंचायत अध्यक्ष मोहित पैकरा ने प्रेसवार्ता को सम्बोधित करते हुए कहा कि केंद्रीय समन्वय टोली के अनुसार अभियान के तहत 239 जनजातीय जिलों एवं 568 अनुसूचित जनजाति विधानसभा क्षेत्रों सहित कुल 807 स्थानों पर कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इसका उद्देश्य जनजातीय समाज के गौरवशाली इतिहास, संस्कृति, स्वतंत्रता संग्राम में योगदान तथा केंद्र सरकार की विकास योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाना है।
बिरसा मुंडा के योगदान को राष्ट्रीय पहचान
जिला पंचायत अध्यक्ष ने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा ने अंग्रेजी शासन के विरुद्ध संघर्ष कर जनजातीय समाज में स्वाभिमान और स्वतंत्रता की चेतना जगाई। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वर्ष 2021 में 15 नवंबर को जनजातीय गौरव दिवस घोषित किया। वर्ष 2024 में बिरसा मुंडा की 150वीं जयंती पर पूरे वर्ष जनजातीय गौरव वर्ष मनाया गया। रांची में बिरसा मुंडा स्मृति उद्यान एवं संग्रहालय का लोकार्पण और भोपाल के हबीबगंज स्टेशन का नाम रानी कमलापति के नाम पर रखा जाना जनजातीय नायकों को सम्मान देने की पहल के रूप में प्रस्तुत किया गया।
विकास योजनाओं से बदल रही जनजातीय तस्वीर
मोहित पैकरा के अनुसार जनजातीय कार्य मंत्रालय का बजट 2014-15 के 4,497.96 करोड़ रुपये से बढ़कर 2025-26 में 14,926 करोड़ रुपये हो गया है। प्रधानमंत्री जनमन योजना के माध्यम से 75 विशेष रूप से कमजोर जनजातीय समूहों के विकास पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान के अंतर्गत 63 हजार गांवों तक 17 मंत्रालयों की योजनाएं पहुंचाने का लक्ष्य है। आवास, बिजली, सड़क, पेयजल, शिक्षा और स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार पर जोर दिया जा रहा है।
शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार पर विशेष फोकस
श्री पैकरा ने कहा कि जनजातीय विद्यार्थियों के लिए 728 एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालयों का लक्ष्य रखा गया है। छात्रवृत्ति, उच्च शिक्षा और कौशल विकास के माध्यम से युवाओं को आगे बढ़ाने की पहल की जा रही है। स्वास्थ्य क्षेत्र में सिकल सेल एनीमिया उन्मूलन मिशन, आयुष्मान भारत तथा जनजातीय क्षेत्रों में चिकित्सा सुविधाओं का विस्तार प्रमुख योजनाएं हैं। वन धन केंद्रों और स्वयं सहायता समूहों के जरिए जनजातीय उत्पादों को बाजार उपलब्ध कराने तथा महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने का प्रयास किया जा रहा है।
11 से 18 नवंबर तक होंगे विविध आयोजन
जिपं अध्यक्ष ने बताया कि अभियान के दौरान प्रदेश एवं जिला स्तर पर प्रेस वार्ता, स्मारकों की सफाई, दीपोत्सव, प्रतिमा एवं चित्रों पर पुष्पांजलि, युवा संवाद, छात्रावास संपर्क अभियान, सांस्कृतिक कार्यक्रम, खेलकूद, मेले और सम्मान समारोह आयोजित होंगे। 16, 17 और 18 नवंबर को विधानसभा क्षेत्रों में युवा संवाद तथा जनजातीय छात्रावास संपर्क अभियान चलाया जाएगा। विद्यार्थियों को भगवान बिरसा मुंडा के जीवन, संघर्ष और जनजातीय कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी जाएगी।
जनजातीय समाज को सम्मान और अधिकार का संदेश
भाजपा ने जनजातीय समाज को देश की आत्मा और विकसित भारत 2047 का महत्वपूर्ण भागीदार बताते हुए जल, जंगल और जमीन पर अधिकार, सांस्कृतिक संरक्षण तथा आत्मनिर्भरता को अभियान का प्रमुख उद्देश्य बताया है। पार्टी का कहना है कि जनजातीय समाज के विकास, सम्मान और विश्वास के साथ ही विकसित भारत का संकल्प पूरा होगा। 15 नवंबर को गांव, मंडल और जिला स्तर पर भगवान बिरसा मुंडा सहित जनजातीय नायकों को श्रद्धांजलि देने की अपील की गई है।
प्रेसवार्ता के दौरान नगरपंचायत पटना अध्यक्ष गायत्री सिंह, जिपं सदस्य शिवकुमारी सोनपाकर , अनुसूचित जनजाति मोर्चा अध्यक्ष विमल चेरवा, मीडिया प्रभारी तीरथ राजवाड़े,सह मीडिया प्रभारी वर्षा साहू, जगदीश सिंह उपस्थित रहे।




