
बड़ी खबर::स्वास्थ्य विभाग से सारे अटैचमेंट होंगे खत्म::स्वास्थ्य मंत्री जायसवाल..ज्वाइन नही करने वाले डॉक्टरों की डिग्री होगी कैंसिल..और भी बहुत कुछ
अनूप बड़ेरिया
छग शासन के स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने आज विधानसभा सदन में एक बड़ी घोषणा करते हुए प्रदेश में स्वास्थ्य कर्मियों का अटैचमेंट खत्म करने की बात कही है। स्वास्थ्य मंत्री ने कहा है कि ऐसी जानकारी मिली है कि बिना किसी कारण के ही दूरस्थ क्षेत्रों में पदस्थ स्वास्थ्य कर्मचारियों, नर्सिंग स्टाफ एवं चिकित्सकों को अन्यत्र मनचाही जगहों पर अटैच किया गया है जिससे आम लोगों को मिलने वाली स्वास्थ्य सुविधाएं प्रभावित हो रही हैं।
हेल्थ मिनिस्टर ने कहा है कि यदि कहीं ऐसी विशेष परिस्थिति है जहां स्वास्थ्य विभाग के स्टाफ की कमी है और अटैचमेंट करना अनिवार्य हो तो विभागीय अनुमति लेकर उसे जारी रखा जा सकता है।
उन्होंने कहा कि 5 हजार पदों पर डॉक्टर और चिकित्सा कर्मियों की भर्ती होगी। स्वास्थ्य विभाग में सभी अटैचमेंट खत्म होंगे, जो डॉक्टर जहां पहले पदस्थ थे उन्हें वहीं भेजा जाएगा, 24 घंटे के भीतर ढाई सौ से अधिक पद एनएचएम के माध्यम से भरे जाने के लिए आवेदन मंगाएंगे, अस्पतालों में रिक्त पदों को भरे जाएंगे, विशेषज्ञ डॉक्टरों की भर्ती होगी। हमारा फोकस है जिन स्वास्थ्य केंद्रों में डॉक्टर और चिकित्सा विशेषज्ञों की कमी है, वहां पर जल्द से जल्द बेहतर सुविधाएं मिले ये हमारा प्रयास रहेगा। बॉन्ड वाले डॉक्टर को जल्द से जल्द अस्पताल ज्वाइन करने होंगे, यदि स्वास्थ्य केंद्र अस्पतालों में डॉक्टर उपस्थित नहीं होंगे तो उनकी डिग्री निरस्त कर दी जाएगी। अनुपस्थित रहकर पेमेंट लेने वाले डॉक्टर पर भी कार्रवाई होगी।
स्वास्थ्य मंत्री जायसवाल ने कहा है कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का स्पष्ट निर्देश है कि प्रदेश में स्वास्थ्य सुविधाओं को लेकर आम जनों को परेशानी नहीं होनी चाहिए। ऐसी स्थिति में अकारण ही अटैचमेंट जैसी व्यवस्था से दूरस्थ क्षेत्रों में स्टाफ की कमी से आम लोगों को परेशानी होती है जिसे खत्म करना आवश्यक है।