यातायात जागरूकता के ‘ट्रैफिक मैन’ डॉ. महेश मिश्रा को आईजी का सम्मान, उत्कृष्ट कार्यों पर मिला ₹5 हजार का नगद पुरस्कार
लाल दास महंत कल्ला की रिपोर्ट
कोरिया/बैकुंठपुर। कोरिया जिला मुख्यालय बैकुंठपुर के यातायात विभाग में पदस्थ, राष्ट्रपति पदक से सम्मानित एवं ‘ट्रैफिक मैन’ के नाम से प्रसिद्ध हवलदार डॉ. महेश मिश्रा को उनके उत्कृष्ट कार्यों के लिए पुलिस महानिरीक्षक (आईजी) सरगुजा रेंज दीपक कुमार झा ने ₹5,000 का नगद पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया है। यह सम्मान यातायात जनजागरूकता, सड़क सुरक्षा, सामुदायिक पुलिसिंग, समाज सेवा एवं जनहित के क्षेत्र में उनके उल्लेखनीय योगदान के लिए दिया गया।
डॉ. महेश मिश्रा लंबे समय से यातायात नियमों के प्रति लोगों को जागरूक करने, सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने और सुरक्षित यातायात व्यवस्था को बढ़ावा देने के लिए लगातार कार्य कर रहे हैं। उनके समर्पण, मेहनत और जनसेवा की भावना से न केवल कोरिया जिला बल्कि प्रदेश स्तर पर भी पुलिस एवं नगर सेना विभाग का गौरव बढ़ा है।
आईजी के अलावा डीआईजी नगर सेना राजेश पाण्डेय तथा पुलिस अधीक्षक कोरिया ने भी डॉ. मिश्रा के उत्कृष्ट कार्यों की सराहना करते हुए ₹500-₹500 का नगद पुरस्कार देकर उनका उत्साहवर्धन किया।
उल्लेखनीय है कि डॉ. महेश मिश्रा ने हाल ही में “छत्तीसगढ़ राज्य के कोरिया जिले के विशेष संदर्भ में यातायात नियमों के परिपालन संबंधी जागरूकता का अध्ययन” विषय पर शोध कर पीएचडी की उपाधि भी प्राप्त की है। उनके शोध को सड़क सुरक्षा एवं यातायात जागरूकता के क्षेत्र में महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है।
सम्मान प्राप्त करने के बाद डॉ. महेश मिश्रा ने वाहन चालकों एवं आम नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि सड़क पर चलते समय यातायात नियमों का पालन करना प्रत्येक व्यक्ति की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि “सड़क दुर्घटनाएं अपने आप नहीं होतीं, बल्कि छोटी-सी लापरवाही भी किसी की जान ले सकती है। इसलिए नियमों का पालन करें, स्वयं सुरक्षित रहें और दूसरों को भी सुरक्षित रखने में यातायात पुलिस का सहयोग करें।”
डॉ. महेश मिश्रा को मिले इस सम्मान से पुलिस एवं नगर सेना विभाग के साथ-साथ पूरे कोरिया जिले में हर्ष का वातावरण है। उनके उत्कृष्ट कार्य युवा पुलिसकर्मियों और समाज के लिए प्रेरणा का स्रोत बन रहे हैं।




