
मनेन्द्रगढ़ मेडिकल कॉलेज को मिली NMC की मंजूरी, पूर्व विधायक गुलाब कमरो बोले— एमसीबी के लिए ऐतिहासिक उपलब्धि, युवाओं का चिकित्सा शिक्षा का सपना होगा साकार
लाल दास महंत कल्ला की रिपोर्ट
एमसीबी। मनेन्द्रगढ़ मेडिकल कॉलेज को राष्ट्रीय चिकित्सा आयोग (NMC) द्वारा 50 एमबीबीएस सीटों की स्वीकृति मिलने पर पूर्व विधायक गुलाब कमरो ने इसे पूरे मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर (एमसीबी) जिले के लिए ऐतिहासिक एवं गौरवपूर्ण उपलब्धि बताया है। उन्होंने कहा कि यह स्वीकृति क्षेत्र के विकास, चिकित्सा शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं के लिए एक नया अध्याय साबित होगी।
पूर्व विधायक गुलाब कमरो ने कहा कि मनेन्द्रगढ़ मेडिकल कॉलेज की परिकल्पना और स्वीकृति तत्कालीन मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के नेतृत्व वाली सरकार के कार्यकाल में हुई थी। उन्होंने बताया कि इस महत्वपूर्ण परियोजना को मूर्त रूप देने में तत्कालीन विधानसभा अध्यक्ष डॉ. चरणदास महंत के प्रयासों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। अब राष्ट्रीय चिकित्सा आयोग द्वारा 50 एमबीबीएस सीटों की अनुमति मिलने से यह सपना साकार होने की दिशा में निर्णायक कदम है।
उन्होंने कहा कि मेडिकल कॉलेज शुरू होने से एमसीबी जिले एवं आसपास के क्षेत्रों के विद्यार्थियों को चिकित्सा शिक्षा के लिए बड़े शहरों का रुख नहीं करना पड़ेगा। स्थानीय स्तर पर ही गुणवत्तापूर्ण मेडिकल शिक्षा उपलब्ध होने से क्षेत्र के प्रतिभाशाली युवाओं को बड़ा अवसर मिलेगा। साथ ही विशेषज्ञ चिकित्सकों की उपलब्धता बढ़ने से जिले की स्वास्थ्य सेवाओं को भी नई मजबूती मिलेगी और आम जनता को बेहतर इलाज का लाभ मिलेगा।
गुलाब कमरो ने इस उपलब्धि पर जिले के सभी नागरिकों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह पूरे क्षेत्र के सामूहिक विकास की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि है। उन्होंने इस अवसर पर केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री, छत्तीसगढ़ के स्वास्थ्य मंत्री तथा सांसद श्रीमती ज्योत्सना महंत के प्रति भी आभार व्यक्त किया और कहा कि सभी के सहयोग से यह महत्वपूर्ण उपलब्धि संभव हो सकी।




