
वीडियो::नदी पार कर स्कूल जाने को मजबूर नौनिहाल, हर दिन जान जोखिम में डालकर शिक्षा हासिल कर रहे बच्चे..
अनूप बड़ेरिया
एमसीबी जिले के खड़गवां विकासखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत फुनगा के भाटाटोला वार्ड क्रमांक 11 के स्कूली बच्चों को शिक्षा प्राप्त करने के लिए प्रतिदिन अपनी जान जोखिम में डालनी पड़ रही है। वार्ड में लगभग 25 परिवार निवास करते हैं, जिनके 15 से 20 बच्चे हाई स्कूल, मिडिल स्कूल और प्राथमिक स्कूल में अध्ययनरत हैं। विद्यालय ग्राम पंचायत फुनगा में ही स्थित हैं, लेकिन भाटाटोला नेवरी धार नदी के उस पार होने के कारण बच्चों को रोजाना नदी पार कर स्कूल पहुंचना पड़ता है।
ग्रामीणों के अनुसार सामान्य दिनों में भी नदी पार करना चुनौतीपूर्ण रहता है, जबकि बरसात के मौसम में जलस्तर बढ़ जाने से स्थिति और अधिक गंभीर हो जाती है। तेज बहाव के बीच छोटे-छोटे बच्चों का नदी पार कर विद्यालय जाना अभिभावकों के लिए हमेशा चिंता का विषय बना रहता है। कई बार बारिश के दौरान बच्चों की पढ़ाई भी प्रभावित होती है, क्योंकि नदी पार करना संभव नहीं हो पाता।
ग्रामीणों ने बताया कि नेवरी धार नदी से कुछ ही दूरी पर बुधरा नदी का संगम भी है, जिससे बरसात के दिनों में पानी का बहाव और अधिक तेज हो जाता है। ऐसे में कभी भी बड़ा हादसा होने की आशंका बनी रहती है।
ग्रामीणों ने जिला प्रशासन एवं जनप्रतिनिधियों से मांग की है कि बच्चों की सुरक्षा को देखते हुए इस स्थान पर पुल या वैकल्पिक सुरक्षित मार्ग की व्यवस्था जल्द से जल्द की जाए, ताकि मासूम बच्चों को अपनी जान जोखिम में डालकर शिक्षा प्राप्त करने के लिए मजबूर न होना पड़े। ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते व्यवस्था नहीं की गई तो भविष्य में कोई भी अप्रिय घटना हो सकती है, जिसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।




