♦इस खबर को आगे शेयर जरूर करें ♦

‘मेधा का महाकुंभ’ : लज्जा–अशोक कुमार अलंग स्मृति सम्मान समारोह में प्रतिभाओं का हुआ भव्य सम्मान, दसवें वर्ष में पहुंचा प्रेरणादायी आयोजन

अनूप बड़ेरिया

बैकुंठपुर, 22 जुलाई। शिक्षा, संस्कार और प्रतिभा के सम्मान का अनुपम संगम बुधवार को शासकीय आदर्श कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, बैकुंठपुर में देखने को मिला। यहां आयोजित ‘लज्जा–अशोक कुमार अलंग स्मृति सम्मान समारोह–2026’ का दसवां आयोजन गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ, जिसमें बोर्ड परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले मेधावी छात्र-छात्राओं को पदक, स्मृति-चिह्न, प्रशस्ति-पत्र एवं आकर्षक उपहार देकर सम्मानित किया गया।

समारोह के मुख्य अतिथि सेवानिवृत्त कमिश्नर डॉ. संजय अलंग रहे। विशिष्ट अतिथियों में जिला शिक्षा अधिकारी जितेंद्र गुप्ता, विद्यालय के प्राचार्य अमृत लाल गुप्ता, शासकीय रामानुज उच्चतर माध्यमिक विद्यालय के प्राचार्य के.के. टोप्पो, पूर्व प्राचार्य उमाशंकर शुक्ला, वरिष्ठ व्यवसायी श्रीप्रकाश जायसवाल एवं शंकर सुमन मिश्रा उपस्थित रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ।

स्वागत उद्बोधन में प्राचार्य अमृत लाल गुप्ता ने समारोह के दसवें वर्ष में प्रवेश पर सभी का स्वागत करते हुए कहा कि यह आयोजन क्षेत्र की शैक्षणिक परंपरा को नई दिशा देने वाला प्रेरक प्रयास बन चुका है। पूर्व प्राचार्य उमाशंकर शुक्ला ने अलंग परिवार के शिक्षा के प्रति समर्पण और सामाजिक योगदान की सराहना की, वहीं वरिष्ठ व्यवसायी श्रीप्रकाश जायसवाल ने इसे विद्यार्थियों के उत्साहवर्धन का अनुकरणीय प्रयास बताया।

जिला शिक्षा अधिकारी जितेंद्र गुप्ता ने कोरिया जिले की शैक्षणिक उपलब्धियों पर प्रकाश डालते हुए सम्मानित विद्यार्थियों को भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं। मुख्य अतिथि डॉ. संजय अलंग ने विद्यार्थियों को शिक्षा का महत्व बताते हुए बदलते दौर में अध्ययन की नई तकनीकों, अनुशासन और प्रतियोगी परीक्षाओं की बेहतर तैयारी के संबंध में प्रेरक मार्गदर्शन दिया। उन्होंने कहा कि लगन, मेहनत और सही दिशा में किया गया प्रयास ही सफलता की सबसे बड़ी कुंजी है।

इस अवसर पर शासकीय आदर्श कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय की आलिया परवीन, ममता राजवाड़े, अंकिता सिंह, काजल, खुशबू, माही, मरियम एवं नाशरीन तथा शासकीय रामानुज उच्चतर माध्यमिक विद्यालय के अनिल कुमार एवं विक्रम सिंह को उत्कृष्ट शैक्षणिक उपलब्धियों के लिए सम्मानित किया गया।

गौरतलब है कि यह सम्मान समारोह सेवानिवृत्त प्रशासनिक अधिकारी एवं पूर्व कमिश्नर डॉ. संजय अलंग द्वारा अपने माता-पिता स्वर्गीय श्रीमती लज्जा अलंग एवं स्वर्गीय श्री अशोक कुमार अलंग की पुण्य स्मृति में प्रतिवर्ष आयोजित कराया जाता है। इस पहल के तहत बैकुंठपुर के शासकीय आदर्श कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय एवं शासकीय रामानुज उच्चतर माध्यमिक विद्यालय के बोर्ड परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को एकांतर क्रम में सम्मानित किया जाता है। इस वर्ष आयोजन शासकीय आदर्श कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में संपन्न हुआ।

कार्यक्रम में बड़ी संख्या में शिक्षक, छात्र-छात्राएं, अभिभावक एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम का सफल संचालन योगेश गुप्ता ने किया, जबकि अंत में प्राचार्य अमृत लाल गुप्ता ने सभी अतिथियों एवं उपस्थित जनों के प्रति आभार व्यक्त किया।

व्हाट्सप्प आइकान को दबा कर इस खबर को शेयर जरूर करें

Please Share This News By Pressing Whatsapp Button



स्वतंत्र और सच्ची पत्रकारिता के लिए ज़रूरी है कि वो कॉरपोरेट और राजनैतिक नियंत्रण से मुक्त हो। ऐसा तभी संभव है जब जनता आगे आए और सहयोग करे

जवाब जरूर दे 

[poll]

Related Articles

Back to top button
Don`t copy text!
Close