
एक ही रस्सी में दो युवतियों ने लगाई फांसी.. वही 12 वीं में नम्बर कम आने से छात्रा ने की खुदकुशी… कोरिया के जनकपुर क्षेत्र में आत्महत्या के बढ़े मामले..


नूर मोहम्मद जनकपुर
कोरिया जिले के वनांचल क्षेत्र भरतपुर विकासखंड के कोटाडोल व जनकपुर थाना अन्तर्गत दो अलग-अलग मामले में तीन लड़कियों ने फांसी लगा कर आत्महत्या कर ली। बताया जाता है कि पिछले 6 माह में जनकपुर क्षेत्र में 20 साल से कम उम्र के युवक-युवतियों के आत्महत्या करने के मामले दर्जन भर सामने आ चुके हैं।

पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार थाना जनकपुर अन्तर्गत ग्राम लाखनटोला निवासी सुखराम बैगा की 18 वर्षीय पुत्री कुमारी रितु का है। बताया जाता है कि शनिवार की दोपहर कुमारी रितु अपने घर के परछी मे लगी मयार के सहारे नायलोन की रस्सी से बने फंदे मे लटक कर आत्महत्या कर ली। मृतक युवती के परिजनों ने बताया कि घटना के समय पिता सुखराम बैगा खेत मे नागर से जुताई कर रहा था व मां पुटू निकालने के लिए जंगल गयी हुई थी। घर मे कुमारी रितु अकेली थी तथा कक्षा 12 वीं के रिजल्ट मे उसका कम प्रतिशत होने व उसके सहेलियों का ज्यादा प्रतिशत होने से कुछ दिनो परेशान रहती थी। इधर की घटना की सूचना मिलने पर थाना प्रभारी जनकपुर विवेक खलको, सहायक उप निरीक्षक राजेन्द्र सिंह मय स्टाप घटना स्थल पर पहुंचकर शव का पंचनामा व पीएम करा परिजनों को सौंप विवेचना कर रही है।

दूसरी घटना कोटाडोल थाना अन्तर्गत ग्राम सीतापुर मे घटित हुई है। यहां जंगल मे महुआ के पेंड़ पर नायलोन की एक ही रस्सी मे बने दो फंदे पर दो युवती लटककर आत्महत्या करने की जानकारी मिली है। शनिवार की शाम ग्राम सीतापुर निवासी बीरसाय गोंड़ की पुत्री कुमारी ऊषा उम्र 18 वर्ष एवं लल्लूलाल गोंड़ की पुत्री कुमारी मैनकली उम्र 19 वर्ष दोनो सहेली घर मे बिना बताए निकली थी, जिनका गांव के बाहर घर से दूर जंगल मे महुआ के पेंड़ पर नायलोन की एक ही रस्सी पर बनी दो फंदे पर लटकी हुई शव मिला है। सूचना पर कोटाडोल थाना मे पदस्थ उपनिरीक्षक शिवकुमार साय कंवर मौके पर पहुंच दोनो शवों का पंचनामा उपरांत पीएम के लिए भेज दिया है।




