
लिपिक वर्गीय कर्मचारी संघ का जिला स्तरीय सम्मेलन संपन्न* *वेतन विसंगति को लेकर भरी सरकार के खिलाफ हुंकार*
रायगढ़ से शशिकांत यादव
रायगढ़-घरघोडा-/- छत्तीसगढ़ लिपिक वर्गीय शासकीय कर्मचारी संघ का जिला स्तरीय सम्मेलन आज घरघोड़ा में संपन्न हुआ। जिसमें रायगढ़, धर्मजयगढ़, लैलूंगा, तमनार और घरघोड़ा के लिपिकों ने बड़ी संख्या में शिरकत किया।
छत्तीसगढ़ लिपिक वर्गीय शासकीय कर्मचारी संघ का उक्त जिला स्तरीय सम्मेलन प्रशासनिक सभागार भवन घरघोड़ा में बुधवार सायं आयोजित किया गया, जिसमें संघ के प्रांतीय व जिला स्तरीय पदाधिकारियों सहित पांच ब्लाकों के पदाधिकारी और लिपिक सदस्य बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। इस सम्मेलन में लिपिकों ने अपनी वेतन विसंगति की समस्या को लेकर जमकर हुंकार भरी और निर्णय लिया कि यह मांग अब पूरी नहीं हुई तो जल्द ही सरकार के खिलाफ आंदोलन का शंखनाद किया जाएगा। संघ के जिलाध्यक्ष ने कहा कि हम पिछले 40 सालों से वेतन विसंगति के दंश को झेल रहे हैं। अब तक की हर सरकार ने आश्वासन पर आश्वासन देकर सिर्फ हमें छलने का काम ही किया है, लेकिन अब हमारे सब्र का बांध अब टूटने लगा है। उन्होंने आह्वान किया कि अपनी मांग को लेकर सभी लिपिक सरकार के खिलाफ जल्द ही सड़क पर उतरने के लिए कमर कस लें। इस सम्मेलन में उपस्थित सभी लिपिकों ने संकल्प लिया कि अपनी एक सूत्रीय मांग के लिए अंतिम दम तक लड़ना है। उन्होंने मंच से नारा दिया कि “अबकी बार- आर पार!”
*कुबेर चंद्र देवांगन बने घरघोड़ा अध्यक्ष और राजनदेव महंत बने जिला उपाध्यक्ष*
उक्त सम्मेलन में सर्वसम्मति से जिला अध्यक्ष मनोज पांडेय ने घरघोड़ा तहसील शाखा के अध्यक्ष पद पर राजस्व विभाग के वरिष्ठ लिपिक कुबेर चंद्र देवांगन की नियुक्ति तथा घरघोड़ा तहसील के कार्यकारी अध्यक्ष राजन देव महंत को जिला उपाध्यक्ष के पद पर नियुक्त करने की घोषणा की। इन लिपिक नेताओं की नियुक्ति पर सभी लिपिकों ने हर्ष व्यक्त करते हुए पुष्पहार से उन्हें सम्मानित किया।
*नवनियुक्त लिपिकों का किया जाएगा अभिनंदन*
इस कोरोना काल में दिवंगत हुए कर्मचारियों के परिवार के एक सदस्य को शासन ने अनुकंपा नियुक्ति देकर त्वरित राहत देने का काम किया है, इसके लिए लिपिकों ने शासन को धन्यवाद ज्ञापित किया और जिले के प्रत्येक विकासखंड में ऐसे अनुकंपा नियुक्ति प्राप्त करने वाले नवनियुक्त लिपिकों के अभिनंदन का कार्यक्रम आयोजित करने का निर्णय लिया गया। संघ के जिलाध्यक्ष ने कहा कि अनुकंपा नियुक्ति प्राप्त करने वाले नवनियुक्त लिपिकों ने अपने माता, पिता या पालक को खोया है, जो उनके लिए अपूर्णीय क्षति है। ऐसे परिवारों के नवनियुक्त साथियों के साथ संघ सदैव खड़ा रहेगा।
*दिवंगत कर्मचारियों को दी गई श्रद्धांजलि*
इस कोरोना काल में कई कर्मचारियों ने अपनी जान गंवाई है। ऐसे दिवंगत कर्मचारियों को याद करते हुए लिपिकों ने 2 मिनट का मौन धारण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।
उक्त सम्मेलन में प्रमुख रूप से राजेश मेहरा, मनोज पांडेय, सोहन लाल वर्मा, माधुरी त्रिपाठी, गोविंद प्रधान, जानकी यादव, राजा राजपूत सहित पांच विकास खंडों के शताधिक लिपिक उपस्थित रहे।