
बाल मेले और विज्ञान प्रदर्शनी में बच्चों ने दिखाई प्रतिभा, अतिथियों ने बढ़ाया उत्साह
हिंद विद्यालय इंग्लिश मीडियम स्कूल में शैक्षणिक एवं रचनात्मक गतिविधियों का भव्य आयोजन, उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को स्मृति चिह्न देकर किया गया सम्मानित
प्रभात दास चरचा
चर्चा, कोरिया। हिंद विद्यालय इंग्लिश मीडियम स्कूल, चर्चा में 18 नवंबर को बाल मेला एवं विज्ञान प्रदर्शनी का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने अपनी रचनात्मकता, वैज्ञानिक सोच और प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन करते हुए विभिन्न प्रकार के आकर्षक स्टॉल लगाए। इस आयोजन का उद्देश्य बच्चों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण, नवाचार, आत्मविश्वास और व्यावहारिक ज्ञान को बढ़ावा देना रहा।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में मुख्य नगर पालिका अधिकारी मुक्ता सिंह चौहान तथा नगर पालिका उपाध्यक्ष राजेश सिंह, सीमा राजेश सिंह एवं नासिर खान उपस्थित रहे। विद्यालय के प्रधानाचार्य शशि भूषण राय ने अतिथियों का स्वागत किया।
इस अवसर पर अतिथियों ने विद्यालय परिसर में विद्यार्थियों द्वारा लगाए गए विज्ञान प्रदर्शनी एवं बाल मेले के विभिन्न स्टॉलों का निरीक्षण किया। बच्चों द्वारा तैयार किए गए विज्ञान मॉडल, शैक्षणिक प्रस्तुतियों और विभिन्न प्रकार के व्यंजनों के स्टॉल आकर्षण का केंद्र रहे। अतिथियों ने विद्यार्थियों की मेहनत, कल्पनाशीलता और प्रस्तुति की सराहना करते हुए उनका उत्साहवर्धन किया।
कार्यक्रम के दौरान विज्ञान प्रदर्शनी में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर कोरिया जिले के साथ विद्यालय का नाम रोशन करने वाले प्रतिभाशाली छात्र-छात्राओं को स्मृति चिह्न प्रदान कर सम्मानित किया गया। अतिथियों ने बच्चों की उपलब्धियों की प्रशंसा करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन विद्यार्थियों की छिपी प्रतिभा को सामने लाने के साथ ही उनमें आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और कुछ नया सीखने की जिज्ञासा विकसित करते हैं।

बाल मेले में विद्यार्थियों द्वारा विभिन्न प्रकार के स्वादिष्ट व्यंजनों के स्टॉल भी लगाए गए थे। बच्चों के अभिभावकों ने भी कार्यक्रम में उत्साहपूर्वक सहभागिता की और विद्यार्थियों की रचनात्मक प्रस्तुतियों का आनंद लिया। अभिभावकों ने विद्यालय की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि पढ़ाई के साथ इस तरह की गतिविधियां बच्चों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।
इस सफल आयोजन में विद्यालय के संचालक नासिर खान, प्रधानाचार्य शशि भूषण राय सहित समस्त शिक्षक-शिक्षिकाओं का विशेष योगदान रहा। विद्यालय प्रबंधन ने बताया कि विद्यार्थियों के शैक्षणिक, बौद्धिक एवं रचनात्मक विकास को ध्यान में रखते हुए भविष्य में भी इस प्रकार के विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाते रहेंगे।
कार्यक्रम के समापन पर अतिथियों एवं अभिभावकों ने विद्यार्थियों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं तथा विद्यालय परिवार के प्रयासों की प्रशंसा की।



