
ट्रेड यूनियन काउंसिल का मजदूर दिवस पर भव्य रैली एवं सभा का आयोजन …..मजदूरों के अधिकारों की रक्षा श्रम कानूनों के संरक्षण महंगाई पर नियंत्रण सहित इन मुद्दों पर वक्ताओं ने रखी बात ….मजदूर वर्ग देश की अर्थव्यवस्था की रीढ़ …
रायगढ़।
अंतर्राष्ट्रीय मजदूर दिवस के अवसर पर ट्रेड यूनियन काउन्सिल रायगढ़ द्वारा एक भव्य रैली का आयोजन किया गया। यह रैली स्थानीय सत्तीगुड़ी चौक से प्रारंभ होकर शहर के प्रमुख मार्गों कलेक्टर बंगला, नटवर स्कूल, स्टेशन चौक, गांधी प्रतिमा, सुभाष चौक, हटरी चौक एवं सिटी कोतवाली हंडी चौक होते हुए पुनः सत्तीगुड़ी चौक पहुंची, जहां यह एक विशाल सभा में परिवर्तित हो गई। थाना के पास रैली में जिला बचाओ संघर्ष मोर्चा द्वारा पानी एवं कोल्ड ड्रिंक का वितरण का रैली का उत्साह वर्धन किया गया.

रैली में विभिन्न ट्रेड यूनियन एवं सामाजिक संगठनों के कार्यकर्ताओं ने उत्साहपूर्वक भारी संख्या में भाग लिया। इसमें प्रमुख रूप से एम.आर. एसोसिएशन, बिलासपुर डिवीजन इंश्योरेंस एम्प्लाइज एसोसिएशन, छः ग प्रदेश तृतीय वर्ग शासकीय कर्मचारी संघ,छः ग लघुवेतन चतुर्थ वर्ग कर्मचारी संघ बैंकर्स क्लब (रिटायर्ड)छ. ग. अधिकारी कर्मचारी पेंशनर्स एसोसिएशन, संयुक्त किसान मोर्चा, किसान सभा, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता सहायिका संघ, , इप्टा जिला बचाओ संघर्ष मोर्चा, सदभावना सांस्कृतिक मंच के सदस्यों की सक्रिय भागीदारी रही।
सभा को गणेश कछवाहा, एस.बी. सिंह, प्रमोद शराफ, मदन पटेल, युवराज सिंह आज़ाद, प्रवीण तम्बोली एवं वेदप्रकाश अजगल्ले ने संबोधित किया।

वक्ताओं ने मजदूरों के अधिकारों की रक्षा, श्रम कानूनों के संरक्षण, महंगाई पर नियंत्रण, रोजगार सृजन तथा सामाजिक सुरक्षा सुनिश्चित करने की आवश्यकता पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि मजदूर वर्ग देश की अर्थव्यवस्था की रीढ़ है और उनके हितों की अनदेखी किसी भी स्थिति में स्वीकार्य नहीं होगी।

सभी संगठनों ने एकजुट होकर मजदूरों के हितों की रक्षा के लिए निरंतर संघर्ष करने का संकल्प लिया।कार्यक्रम के अंत में ट्रेड यूनियन के अध्यक्ष शेख कलीमुल्लाह द्वारा कार्यक्रम में शामिल सभी संगठनों के साथियों का आभार प्रदर्शन किया गया. सक्ति जिले के सिघीतराई में स्थापित वेदांता पावर प्लान्ट में हुए हादसे में मारे गये श्रमिकों को श्रद्धांजलि अर्पित कर कार्यक्रम समाप्त हुआ. यह विज्ञप्ति ट्रेड यूनियन काउंसिल के सचिव श्याम जायसवाल द्वारा जारी की गयी है.





