
बिजली दरों में लगातार वृद्धि एवं स्मार्ट मीटर की गड़बड़ियों से जनता परेशानको..यला और बिजली उत्पादन का प्रदेश होने के बावजूद छत्तीसगढ़ की जनता पर महंगी बिजली की मार
लाल दास महंत कल्ला की रिपोर्ट
बैकुंठपुर/जिला कांग्रेस कमेटी कोरिया द्वारा आज राजीव भवन कांग्रेस कार्यालय,बैकुंठपुर में जिला स्तरीय पत्रकारवार्ता आयोजित की गई। पत्रकारवार्ता के कोरिया जिला प्रभारी एवं पूर्व मंत्री डॉ. प्रेमसाय सिंह मुख्य रूप से उपस्थित रहे।
पत्रकारवार्ता को संबोधित करते हुए डॉ.प्रेमसाय सिंह ने कहा कि भाजपा सरकार बनने के बाद प्रदेश में लगातार पांचवीं बार बिजली की दरों में वृद्धि की गई है। इस बार घरेलू उपभोक्ताओं के लिए 30 से 50 पैसे प्रति यूनिट,गैर-घरेलू उपभोक्ताओं के लिए 20 से 40 पैसे प्रति यूनिट तथा किसानों के कृषि पंपों की बिजली दरों में 40 पैसे प्रति यूनिट की वृद्धि की गई है। पहले से ही महंगाई की मार झेल रही जनता पर यह अतिरिक्त बोझ पूरी तरह अन्यायपूर्ण है।कांग्रेस सरकार ने अपने पांच वर्षों के कार्यकाल में मात्र 2 पैसे प्रति यूनिट की वृद्धि की थी और साथ ही 400 यूनिट तक बिजली बिल हाफ योजना लागू कर लाखों उपभोक्ताओं को राहत दी थी। भाजपा सरकार ने न केवल उक्त योजना को समाप्त कर दिया बल्कि लगातार बिजली दरों में वृद्धि कर जनता को आर्थिक संकट में धकेल दिया है।
जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष प्रदीप गुप्ता ने कहा कि बिजली विभाग उपभोक्ताओं को बिलों के माध्यम से लूटने का कार्य कर रहा है। स्मार्ट मीटर लगाए जाने के बाद उपभोक्ताओं के बिजली बिल तीन से चार गुना तक बढ़कर आ रहे हैं। बिना उपभोक्ताओं की सहमति के अनुबंध भार क्षमता बढ़ाई जा रही है तथा बढ़े हुए भार के आधार पर अर्थदंड जोड़कर बिजली बिल भेजे जा रहे हैं। प्रदेश के लाखों उपभोक्ता बढ़े हुए बिजली बिलों एवं अघोषित विद्युत कटौती से परेशान हैं। छत्तीसगढ़ देश का प्रमुख कोयला एवं बिजली उत्पादन करने वाला राज्य है, इसके बावजूद यहां की जनता को महंगी बिजली और अघोषित कटौती का सामना करना पड़ रहा है। प्रदेश के किसान,व्यापारी और आम नागरिक बिजली की बढ़ती दरों एवं अव्यवस्थित विद्युत व्यवस्था से त्रस्त हैं। भाजपा सरकार जनता को राहत देने के बजाय लगातार आर्थिक बोझ बढ़ाने का कार्य कर रही है
उन्होंने कहा कि जनता के हितों की लड़ाई लगातार लड़ती रहेगी तथा बिजली दरों में की गई वृद्धि को वापस लेने,स्मार्ट मीटर की गड़बड़ियों की जांच कराने एवं अघोषित विद्युत कटौती पर रोक लगाने की मांग को लेकर आंदोलन जारी रखा जाएगा।
पूर्व मंत्री डॉ.प्रेमसाय सिंह,जिला अध्यक्ष प्रदीप गुप्ता,पीसीसी सदस्य योगेश शुक्ला,प्रदेश संयुक्त महामंत्री वेदांती तिवारी,पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष एवं जिला कांग्रेस कमेटी कोषाध्यक्ष अशोक जायसवाल, महामंत्री बृजवासी तिवारी,ब्लॉक अध्यक्ष बिहारी लाल राजवाड़े,वरिष्ठ कांग्रेसी मुख्तार अहमद,साहेब सिंह,चंद्र प्रकाश राजवाड़े,कृष्ण कुमार राजवाड़े,स्वतंत्रता महोबिया,सौरभ गुप्ता पार्षद धीरज शिवहरे एवं अनेकों कांग्रेसजन उपस्थित रहे।




