
पुलिस परिवार की बेटी को न्याय दो”: पूर्व विधायक गुलाब कमरो ने तीनों नामजद आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की उठाई मांग
अनूप बड़ेरिया
कोरिया जिले की आदिवासी छात्रा पूजा पैकरा को न्याय दिलाने की मांग अब और तेज हो गई है। पुलिस परिवार के सड़कों पर उतरकर किए गए विरोध प्रदर्शन के बीच पूर्व विधायक गुलाब कमरो ने भी मामले में तीनों नामजद आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग करते हुए प्रदेश की कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं।
पूर्व विधायक गुलाब कमरो ने पीड़ित परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि जब मामले में एफआईआर दर्ज हो चुकी है, तब भी आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होना बेहद चिंताजनक और दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने प्रशासन से निष्पक्ष जांच करते हुए दोषियों के विरुद्ध तत्काल एवं कठोर कानूनी कार्रवाई करने की मांग की।
उन्होंने कहा कि यदि समाज की सुरक्षा का दायित्व निभाने वाले पुलिसकर्मियों का अपना परिवार ही न्याय के लिए सड़क पर उतरने को मजबूर हो जाए, तो यह प्रदेश की कानून-व्यवस्था पर गंभीर प्रश्नचिह्न है। उन्होंने कहा कि “जब पुलिस परिवार की बेटी ही सुरक्षित नहीं है, तब आम जनता की सुरक्षा को लेकर भी स्वाभाविक रूप से चिंता पैदा होती है।”
गुलाब कमरो ने प्रशासन से आग्रह किया कि मामले में किसी भी प्रकार की ढिलाई न बरती जाए और कानून के अनुसार त्वरित कार्रवाई करते हुए तीनों नामजद आरोपियों को जल्द गिरफ्तार किया जाए, ताकि पीड़ित छात्रा और उसके परिवार को न्याय मिल सके।
विरोध प्रदर्शन में शामिल पुलिस परिवार की महिलाओं और स्थानीय नागरिकों ने भी एक स्वर में निष्पक्ष जांच, दोषियों की शीघ्र गिरफ्तारी तथा कड़ी से कड़ी सजा की मांग की। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि न्याय में देरी होने से आम जनता का कानून और न्याय व्यवस्था पर विश्वास कमजोर होता है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा।




