
पूजा पैकरा को न्याय दिलाने एकजुट हुई भाजपा-कांग्रेस, दोषियों की तत्काल गिरफ्तारी और कड़ी सजा की मांग तेज
अनूप बड़ेरिया
कोरिया/बैकुंठपुर। पूजा पैकरा आत्महत्या प्रकरण को लेकर अब राजनीतिक दल भी खुलकर सामने आ गए हैं। गोंडवाना गणतंत्र पार्टी,सर्व आदिवासी समाज, पुलिस परिवार और विभिन्न सामाजिक संगठनों के बाद अब भारतीय जनता पार्टी एवं कांग्रेस ने भी इस मामले में दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की मांग करते हुए पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने की आवाज बुलंद की है। दोनों प्रमुख राजनीतिक दलों के जिला अध्यक्षों ने घटना को अत्यंत दुखद, अमानवीय और निंदनीय बताते हुए निष्पक्ष जांच तथा दोषियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की है।
भाजपा जिला अध्यक्ष देवेंद्र तिवारी ने कहा कि बैकुंठपुर में नाबालिग बालिका पूजा पैकरा की आत्महत्या की घटना अत्यंत दुःखद, हृदयविदारक एवं पूरे समाज को झकझोर देने वाली है। उन्होंने कहा कि यदि किसी भी प्रकार की प्रताड़ना, अपमानजनक व्यवहार या मानसिक उत्पीड़न के कारण यह घटना हुई है तो इसकी निष्पक्ष, गहन और समयबद्ध जांच कर दोषियों के विरुद्ध कठोरतम कानूनी कार्रवाई की जानी चाहिए।
उन्होंने कहा कि कानून से ऊपर कोई नहीं है और दोषियों को किसी भी परिस्थिति में बख्शा नहीं जाना चाहिए। इस दुःख की घड़ी में पूरा समाज पीड़ित परिवार के साथ खड़ा है। उन्होंने दिवंगत बालिका की आत्मा की शांति तथा शोकाकुल परिजनों को इस असहनीय दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना भी की।
वहीं जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष प्रदीप गुप्ता ने भी घटना की कड़ी निंदा करते हुए कहा कि एक मासूम बालिका को आत्महत्या जैसा कदम उठाने के लिए विवश होना बेहद गंभीर और अक्षम्य अपराध है। उन्होंने कहा कि यदि आरोपियों की भूमिका सामने आई है तो उनके विरुद्ध तत्काल एवं सख्त कानूनी कार्रवाई होनी चाहिए। न्याय में किसी भी प्रकार की देरी पीड़ित परिवार के साथ अन्याय होगी।
प्रदीप गुप्ता ने कहा कि कांग्रेस पार्टी इस दुःख की घड़ी में पूरी संवेदनशीलता के साथ पीड़ित परिवार के साथ खड़ी है और दोषियों को कानून के दायरे में लाकर कड़ी से कड़ी सजा दिलाने की मांग करती है। उन्होंने प्रशासन से निष्पक्ष जांच सुनिश्चित करने तथा मामले में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतने की अपील की।
गौरतलब है कि पूजा पैकरा आत्महत्या प्रकरण को लेकर जिले में लगातार आक्रोश बढ़ता जा रहा है। पुलिस परिवार, सर्व आदिवासी समाज, जनप्रतिनिधियों और विभिन्न सामाजिक संगठनों द्वारा लगातार न्याय की मांग उठाई जा रही है। अब भाजपा और कांग्रेस दोनों प्रमुख राजनीतिक दलों के एक सुर में दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की मांग करने से यह मामला और अधिक गंभीर हो गया है। जिलेभर की निगाहें अब पुलिस जांच और प्रशासन की आगामी कार्रवाई पर टिकी हुई हैं।



