
देखें वीडियो::जनजातीय गौरव दिवस के मंच पर गरमाया सियासी पारा! जिला पंचायत सदस्य अनिता सिंह का फूटा गुस्सा, पूर्व विधायक गुलाब कमरो ने साय सरकार को घेरा
आदिवासी महापुरुषों के नाम पर गौरव दिवस का आयोजन, लेकिन आदिवासी महिला जनप्रतिनिधि को ही सम्मान नहीं! केल्हारी की घटना को लेकर भाजपा सरकार पर बरसे पूर्व विधायक गुलाब कमरो, बोले—जनता के वोट से चुने प्रतिनिधियों का अपमान बर्दाश्त नहीं
अनूप बड़ेरिया
कोरिया/केल्हारी। जनजातीय गौरव दिवस के आयोजन को लेकर केल्हारी में अब सियासत गरमा गई है। आदिवासी महापुरुषों के सम्मान और जनजातीय संस्कृति के गौरव को समर्पित कार्यक्रम में उस वक्त विवाद खड़ा हो गया, जब जिला पंचायत सदस्य अनिता सिंह की नाराजगी सामने आई। कार्यक्रम के मंच पर महिला जनप्रतिनिधि का गुस्सा और उनकी नाराजगी अब राजनीतिक मुद्दा बन गई है।
इस पूरे घटनाक्रम को लेकर पूर्व विधायक गुलाब कमरो ने साय सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार में आदिवासी जनप्रतिनिधियों को सम्मान देने के बजाय उनकी उपेक्षा और अपमान किया जा रहा है। जनजातीय गौरव दिवस जैसे महत्वपूर्ण आयोजन में यदि जनता के वोट से चुनकर आए जनप्रतिनिधियों को ही सम्मान नहीं मिलता, तो ऐसे आयोजनों की सार्थकता पर सवाल उठना स्वाभाविक है।
पूर्व विधायक गुलाब कमरो ने कहा कि आदिवासी महापुरुषों के नाम पर भव्य आयोजन करना और दूसरी ओर आदिवासी महिला जनप्रतिनिधि की भावनाओं एवं सम्मान की अनदेखी करना सरकार के दोहरे रवैये को उजागर करता है। उन्होंने इस घटनाक्रम को जनप्रतिनिधियों के लोकतांत्रिक सम्मान और आदिवासी समाज के अधिकारों से जुड़ा गंभीर विषय बताया।
गौरव दिवस या जनप्रतिनिधियों की उपेक्षा का मंच?
केल्हारी में जिला पंचायत सदस्य अनिता सिंह की नाराजगी ने आयोजन की व्यवस्थाओं और जनप्रतिनिधियों को दिए जाने वाले सम्मान पर बहस छेड़ दी है। सवाल यह भी उठ रहा है कि जिन आदिवासी समाज के महापुरुषों के संघर्ष, स्वाभिमान और अधिकारों को याद करने के लिए जनजातीय गौरव दिवस मनाया जाता है, उसी समाज की निर्वाचित महिला प्रतिनिधि को यदि अपनी बात रखने और सम्मान पाने के लिए नाराजगी जाहिर करनी पड़े, तो यह व्यवस्था के लिए आत्ममंथन का विषय है।
गुलाब कमरो ने भाजपा सरकार की कथित उपेक्षापूर्ण नीति का कड़ा विरोध करते हुए कहा कि जनता द्वारा चुने गए प्रतिनिधियों का अपमान किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं किया जा सकता।
सियासत के केंद्र में आया आदिवासी सम्मान का सवाल
केल्हारी की इस घटना ने जनजातीय गौरव दिवस के आयोजन को लेकर राजनीतिक बहस तेज कर दी है। अब यह मामला केवल एक कार्यक्रम की नाराजगी तक सीमित नहीं दिख रहा, बल्कि आदिवासी समाज के सम्मान, महिला जनप्रतिनिधियों की भागीदारी और लोकतांत्रिक मर्यादा से जुड़ा सवाल बनता जा रहा है।
पूर्व विधायक गुलाब कमरो ने स्पष्ट किया कि आदिवासी महापुरुषों के नाम पर आयोजन और आदिवासी जनप्रतिनिधियों का अपमान एक साथ नहीं चल सकता। जनप्रतिनिधियों को सम्मान देना केवल औपचारिकता नहीं, बल्कि लोकतांत्रिक व्यवस्था की बुनियादी जिम्मेदारी है।
अब सवाल यह है कि जनजातीय गौरव दिवस के मंच पर जिला पंचायत सदस्य अनिता सिंह की नाराजगी के पीछे की परिस्थितियों पर आयोजनकर्ता और प्रशासन क्या जवाब देते हैं? क्या इस पूरे मामले पर सरकार या संबंधित जिम्मेदार पक्ष अपनी सफाई देंगे?
फिलहाल केल्हारी का यह घटनाक्रम आदिवासी सम्मान और जनप्रतिनिधियों की गरिमा को लेकर नई राजनीतिक बहस का विषय बन गया है।




