
अलीशा बनी मिस कोरिया आइकॉन 2022..बहुमुखी प्रतिभा की धनी… मस्तानी प्रोडक्शन का बेहतरीन आयोजन
बैकुंठपुर/ जिले के युवाओं की प्रतिभा को निखारने हेतु मस्तानी प्रोडक्शन द्वारा मिस्टर एंड मिस कोरिया आइकॉन 2022 प्रतियोगिता का आयोजन बीते 02 फरवरी को शहर के होटल गंगाश्री में आयोजित किया गया।
उक्त प्रतियोगिता में जिले भर के सैकड़ों युवाओं ने आडिशन दिया। आडिशन राउंड के पश्चात ग्रूमिंग और कला निखारने हेतु बीते दिनांक 31 और 1 फरवरी को ट्रायल हुआ। इसके बाद बीते 02 फरवरी को फाइनल प्रतियोगिता हुई। जिसमे चुने हुए प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया।
गौरतलब है कि उक्त प्रतियोगिता में युवाओं का जोश देखते ही बनता था। प्रतियोगिता 03 चरणों में हुई जिसमे पारंपरिक वेशभूषा, पाश्चात्य व प्रश्नोत्तरी शामिल रहा।
आपको बता दें कि कोरिया जिले की चिरमिरी निवासी सुश्री अलीशा शेख वर्तमान में स्वामी आत्मानंद अंग्रेजी माध्यम विद्यालय महलपारा बैकुंठपुर में शिक्षिका के रूप में पदस्थ हैं। बहुमुखी प्रतिभा की धनी सुश्री अलीशा शेख ने साहित्य, एंकरिंग, नृत्य एवम नेशनल पावरलिफ्टिंग के क्षेत्र में कई बड़ी उपब्धियां हासिल करते हुए पहले भी कई बार जिला सहित राज्य को गौरवान्वित किया है।
मिस कोरिया आइकॉन 2022 का खिताब जीतने के लिए उन्होंने पारंपरिक वेशभूषा में राजपूत दुल्हन बनकर सबका मन मोह लिया साथ ही पाश्चात्य परिधान में भी अव्वल रही, भाव भंगिमा में निपुण होकर किए गए प्रश्नों का तर्कपुण उत्तर देते हुए निर्णायकों को उत्कृष्ठ अंक देने पर मजबूर कर दिया। सभी विधाओं में खरा उतरकर सुश्री शेख ने मिस कोरिया आइकॉन 2022 का खिताब अपने नाम किया। इस अवसर पर उन्होंने ने कहा कि “मैं अपने जीत का श्रेय सर्वप्रथम अपनी माता को देना चाहती हूं जिन्होंने पग पग पर हमेशा मेरा साथ दिया है और मेरा हौसला बढ़ाया है, चाहे वो साहित्य सेवा हो या पावरलिफ्टिंग या कोई भी क्षेत्र। इसके साथ ही उन सभी को देना चाहूंगी जिन्होंने प्रत्यक्ष एवम परोक्ष रूप से मुझे आगे बढ़ने हेतु प्रेरित किया। कोरिया जिले में मॉडलिंग शो का होना अपने में बड़ी बात है मेरी जन्मभूमि चिरमिरी है और कर्मभूमि बैकुंठपुर मैंने देखा दोनो ही जगह के लोगो में आज खुशी है और इसे देखकर मैं ये कह सकती हूं की वाकई में मिस कोरिया आइकॉन 2022 बनाना सार्थक हुआ है।
वहीं उक्त प्रतियोगिता में चिरमिरी निवासी सागर दास ने सभी नौजवानों को पछाड़ते हुए मिस्टर कोरिया आइकॉन 2022 का खिताब अपने नाम किया। सागर भी एक पावरलिफ्टर है जिन्होंने राज्य स्तर पर अपनी पहचान बनाई है।
आपको बता दें कि मस्तानी प्रोडक्शन एवम होटल गंगाश्री के बैनर तले उक्त प्रतियोगिता का मीडिया पार्टनर सम्यक क्रांति रहा वहीं मिस्टर छत्तीसगढ़ मॉडल विकास यादव, मिस छत्तीसगढ फर्स्ट रनरअप तापोशी दास, मिस भिलाई राखी मंडल,मिस राजधानी कांक्षी मिंज ने निर्णायक की महत्वपूर्ण भूमिका अदा की। मंच संचालन सीमा दास एवम साथियों ने किया। कार्यक्रम को सफल बनाने में जैद खान मिस्टर छत्तीसगढ़ हैंडसम 2021, मोनी राजपूत, आयुषी तिवारी की महत्वपूर्ण भूमिका रही।