
“भाजपा राज में फल-फूल रहा नशे का कारोबार” — कांग्रेस का भाजपा कार्यालय पर हल्ला बोल
अनूप बड़ेरिया
कोरिया। दुर्ग जिले के समोदा गांव में भाजपा कार्यकर्ता द्वारा लगभग 10 एकड़ भूमि पर कथित रूप से अफीम की खेती किए जाने के मामले को लेकर कांग्रेस ने गुरुवार को जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। जिला कांग्रेस कमेटी के नेतृत्व में सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने भाजपा कार्यालय का घेराव कर राज्य सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।

कार्यक्रम के तहत जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष प्रदीप गुप्ता के नेतृत्व में कांग्रेसजन राजीव भवन से रैली के रूप में पैदल मार्च करते हुए कुमार चौक होते हुए छिंदडाड़ स्थित भाजपा कार्यालय पहुंचे। वहां पहुंचकर कार्यकर्ताओं ने कार्यालय का घेराव कर विरोध प्रदर्शन किया।
कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि प्रदेश में भाजपा सरकार के संरक्षण में नशे का कारोबार तेजी से बढ़ रहा है। दुर्ग जिले के समोदा गांव में भाजपा कार्यकर्ता द्वारा लगभग 10 एकड़ भूमि में अफीम की खेती का मामला सामने आया है, वहीं हाल ही में बलरामपुर जिले में भी अफीम की खेती उजागर हुई है। इन घटनाओं से यह साफ हो गया है कि प्रदेश में नशे के कारोबार को रोकने में सरकार पूरी तरह विफल रही है।
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि भाजपा सरकार के संरक्षण में नशे का कारोबार बढ़ने से प्रदेश की युवा पीढ़ी नशे के दलदल में फंसती जा रही है, जिसे किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। कांग्रेस पार्टी इस मुद्दे को लेकर लगातार संघर्ष करती रहेगी।

इस विरोध प्रदर्शन में जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष प्रदीप गुप्ता, पीसीसी सदस्य योगेश शुक्ला, पूर्व नगरपालिका अध्यक्ष एवं जिला कांग्रेस कमेटी कोषाध्यक्ष अशोक जायसवाल, महामंत्री बृजवासी तिवारी, जिला उपाध्यक्ष भूपेंद्र यादव, ब्लॉक अध्यक्ष बिहारी लाल राजवाड़े, नगर पालिका उपाध्यक्ष आशीष यादव सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।




