
महिला परामर्श केंद्र में सुलझे दो परिवारिक विवाद, पुलिस की समझाइश से टूटने से बचे रिश्ते
अनूप बड़ेरिया
बैकुंठपुर। जिला कोरिया में पुलिस विभाग द्वारा संचालित महिला परामर्श केंद्र बैकुंठपुर में पारिवारिक विवाद से जुड़े कई मामले पहुंचते हैं, जहां काउंसलिंग के माध्यम से दोनों पक्षों को बैठाकर समझाइश दी जाती है। इस पहल से कई परिवार बिखरने से बच जाते हैं और आपसी सहमति से विवाद सुलझ जाते हैं।
पुलिस अधीक्षक रवि कुमार कुर्रे एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुरेशा चौबे के मार्गदर्शन में 14 मार्च 2026 को परिवार परामर्श केंद्र में कुल 4 प्रकरणों की काउंसिलिंग आयोजित की गई।
इनमें आवेदिका सीमा कुर्रे द्वारा अपने पति शीतलेश कुर्रे के खिलाफ घरेलू हिंसा और मारपीट की शिकायत दर्ज कराई गई थी। वहीं दूसरा मामला तेंदुआ निवासी दूधनाथ द्वारा अपनी पत्नी जयकुमारी के साथ आपसी विवाद के निराकरण और समझौते के लिए प्रस्तुत किया गया था।
परामर्श केंद्र में दोनों पक्षों को आमने-सामने बैठाकर काउंसलिंग की गई और उन्हें समझाइश दी गई। काउंसलिंग के बाद 2 मामलों में आपसी सहमति से समझौता हो गया, जबकि शेष 2 मामलों में आगे की प्रक्रिया के लिए अगली काउंसलिंग की तारीख तय की गई।
इस दौरान महिला परामर्श केंद्र प्रभारी सुनीता पैकरा, महिला आरक्षक रीता सिंह तथा केंद्र के काउंसलर उत्तम कश्यप और कल्पना शर्मा उपस्थित रहे।




