
मौत को दावत देता टूटा नाली ढक्कन: जूनापारा वार्ड 19 में खतरा, शिकायतों के बाद भी जिम्मेदार बेपरवाह..
वार्ड क्रमांक 19, जूनापारा से बड़ी लापरवाही सामने
लालदास महन्त
नगर पालिका क्षेत्र बैकुंठपुर के वार्ड क्रमांक 19 जूनापारा में एक टूटा हुआ नाली ढक्कन बड़ी दुर्घटना को न्योता दे रहा है। सड़क किनारे स्थित यह ढक्कन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो चुका है, जिससे किसी भी समय बड़ा हादसा हो सकता है। बावजूद इसके, जिम्मेदार अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों की ओर से अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है।
स्थानीय वार्डवासियों में इस मुद्दे को लेकर भारी रोष व्याप्त है। लोगों का कहना है कि इस गंभीर समस्या की जानकारी पार्षद रीमा जायसवाल को दी जा चुकी है, लेकिन उनके द्वारा अब तक कोई सार्थक पहल नहीं की गई।
इतना ही नहीं, वार्डवासियों ने नगर पालिका अध्यक्ष और सीएमओ को भी मौखिक रूप से शिकायत की, लेकिन इसके बावजूद स्थिति जस की तस बनी हुई है। प्रशासन की इस अनदेखी से लोगों में नाराजगी बढ़ती जा रही है।

अतिक्रमण ने बढ़ाया खतरा
मामले को और गंभीर बनाते हुए, टूटी नाली के पास ही कुछ लोगों द्वारा अतिक्रमण कर घर बना लिए गए हैं। बताया जा रहा है कि यह जमीन जल संसाधन विभाग की नहर भूमि है, जिस पर अवैध कब्जा किया गया है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि अतिक्रमण के कारण रास्ता संकरा हो गया है, जिससे हादसे की आशंका और भी बढ़ गई है। यदि समय रहते कार्रवाई नहीं की गई, तो कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है।
नगरपालिका से उठे सवाल
👉 क्या किसी बड़ी दुर्घटना के बाद ही प्रशासन जागेगा?
👉 क्या जनप्रतिनिधियों की जिम्मेदारी केवल आश्वासन तक सीमित रह गई है?
फिलहाल वार्डवासियों ने प्रशासन से जल्द से जल्द नाली ढक्कन की मरम्मत और अतिक्रमण हटाने की मांग की है, ताकि संभावित दुर्घटना को टाला जा सके।




