
⚡ आसमान से आफत! आकाशीय बिजली गिरते ही 7 मवेशियों की मौत, गांव में मातम ⚡
अनूप बड़ेरिया
कोरिया जिला के पटना क्षेत्र में शुक्रवार अपरान्ह करीब 3 बजे अचानक बदले मौसम और तेज बारिश के बीच आकाशीय बिजली गिरने से बड़ा हादसा हो गया। इस दर्दनाक घटना में 7 गोवंश की मौके पर ही मौत हो गई, जिससे पशुपालकों को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बारिश शुरू होते ही मवेशी बचाव के लिए एक पेड़ के नीचे खड़े हो गए थे। इसी दौरान अचानक आकाशीय तड़ित गिरा और सभी मवेशी उसकी चपेट में आ गए, जिससे घटनास्थल पर ही उनकी मौत हो गई।
हादसे में पशु मालिक मंगली सिंह (पति रामकृपाल, जाति गोंड) के कुल 7 मवेशी मृत पाए गए, जिनमें 6 गाय और 1 बैल शामिल हैं। मृत पशुओं में दो दुधारू गाय, एक गाभिन गाय, एक बैल और तीन बछिया शामिल हैं, जिससे परिवार को बड़ा आर्थिक झटका लगा है।
घटना की सूचना मिलते ही नगर पंचायत उपाध्यक्ष गौरव अग्रवाल मौके पर पहुंचे और हालात का जायजा लिया। उन्होंने हल्का पटवारी योगेश गुप्ता को निर्देश दिए कि प्रभावित पशुपालक के लिए शीघ्र मुआवजा प्रकरण तैयार कर राहत सुनिश्चित की जाए।
इस दौरान पार्षद सुजीत सोनी, विनोद यादव, सुमनत मित्रा, संतोष यादव सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर मौजूद रहे। घटना की खबर मिलते ही आसपास के गांवों से भी लोग बड़ी संख्या में घटनास्थल पर पहुंच रहे हैं, जिससे पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है।




