
कोरिया में जिला स्तरीय बॉलीबॉल प्रतियोगिता का रोमांचक फाइनल, चरचा बनी विजेता मुख्य अतिथि अशोक जायसवाल ने बढ़ाया खिलाड़ियों का उत्साह, खेल भावना का दिया संदेश
लाल दास महंत कल्ला की रिपोर्ट
कोरिया। जिले में आयोजित जिला स्तरीय बॉलीबॉल प्रतियोगिता का बहुप्रतीक्षित फाइनल मुकाबला जबरदस्त उत्साह और रोमांच के साथ संपन्न हुआ। इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष एवं जिला कांग्रेस कमेटी के कोषाध्यक्ष अशोक जायसवाल की गरिमामयी उपस्थिति रही। उन्होंने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए खेल भावना को बढ़ावा देने का संदेश दिया।
फाइनल मुकाबला चरचा और नागपुर की टीमों के बीच खेला गया, जिसमें दोनों टीमों ने शानदार प्रदर्शन कर दर्शकों को बांधे रखा। मुकाबला शुरू से ही कांटे का रहा, जहां खिलाड़ियों ने बेहतरीन तकनीक, समन्वय और टीमवर्क का परिचय दिया। अंततः चरचा की टीम ने शानदार खेल दिखाते हुए नागपुर को पराजित कर विजेता का खिताब अपने नाम किया, जबकि नागपुर की टीम उपविजेता रही।

कार्यक्रम के दौरान मुख्य अतिथि अशोक जायसवाल ने विजेता और उपविजेता टीमों को बधाई देते हुए कहा कि इस तरह की प्रतियोगिताएं युवाओं को अपनी प्रतिभा निखारने का बेहतर मंच प्रदान करती हैं और खेल के प्रति जागरूकता बढ़ाती हैं। उन्होंने आयोजन समिति के प्रयासों की सराहना करते हुए ऐसे आयोजनों को निरंतर जारी रखने पर जोर दिया।
इस सफल आयोजन में जिला कांग्रेस कमेटी के उपाध्यक्ष भूपेंद्र यादव, नगर पालिका परिषद शिवपुर-चरचा के नेता प्रतिपक्ष लाल मुनि यादव, हेम सागर यादव, युवा कांग्रेसी नेता सोहन स्वामी तथा समिति के सभी सदस्यों का विशेष योगदान रहा। सभी खिलाड़ियों का भी आभार व्यक्त किया गया, जिन्होंने अपने उत्कृष्ट प्रदर्शन से प्रतियोगिता को सफल बनाया।

यह प्रतियोगिता केवल खेल कौशल का प्रदर्शन ही नहीं रही, बल्कि आपसी सौहार्द, अनुशासन और खेल भावना का भी प्रेरणादायक उदाहरण बनकर सामने आई।
ANUP BADERIYA
BAIKUNTHPUR KOREA C.G




