
सड़क चौड़ीकरण::, छुट्टी के दिन भी मैदान में उतरा प्रशासन, 9 मीटर सड़क की जद में आने वाली दुकानों का शुरू हुआ हिसाब-किताब!
दीपावली के बाद फिर तेज हुई सड़क चौड़ीकरण की कवायद, देवउठनी एकादशी की छुट्टी में राजस्व विभाग की टीम पहुंची मस्जिद लाइन और नगरपालिका कॉम्प्लेक्स; व्यापारियों को बताया जा रहा है कितना हिस्सा होगा प्रभावित, दिसंबर के प्रथम सप्ताह में खुल सकता है टेंडर
अनूप बड़ेरिया
बैकुंठपुर (Page11News)। शहर की बहुप्रतीक्षित सड़क चौड़ीकरण योजना अब धीरे-धीरे जमीन पर उतरती नजर आ रही है। दीपावली और छठ महापर्व के बाद प्रशासन ने एक बार फिर चौड़ीकरण की प्रक्रिया तेज कर दी है। हालात यह हैं कि देवउठनी एकादशी के अवकाश के दिन भी राजस्व विभाग की टीम मैदान में उतर गई। टीम अंजुमन कमेटी मस्जिद लाइन से लेकर नगरपालिका कॉम्प्लेक्स तक पहुंची और सड़क के दोनों ओर स्थित व्यापारिक प्रतिष्ठानों का जायजा लेते हुए व्यापारियों को बताया कि प्रस्तावित 9 मीटर चौड़ीकरण की जद में उनकी दुकानों का कितना हिस्सा आ सकता है।
प्रशासन की इस सक्रियता से साफ संकेत मिल रहे हैं कि अब सड़क चौड़ीकरण की तैयारी केवल बैठकों और कागजी दावों तक सीमित नहीं रहने वाली। प्रभावित व्यापारियों को पहले से स्थिति समझाई जा रही है, ताकि वे मानसिक रूप से तैयार रहें और भविष्य के लिए वैकल्पिक अथवा स्थायी व्यवस्था बनाने की दिशा में कदम उठा सकें।
बैठक में हुई थी 7 मीटर की मांग, कलेक्टर ने 9 मीटर पर रखी दोटूक बात
गौरतलब है कि दीपावली से पहले जिला कलेक्टर कार्यालय में जिला प्रशासन और शहर के व्यापारियों के बीच समन्वय स्थापित करने के उद्देश्य से महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई थी। बैठक में व्यापार संघ अध्यक्ष संजय गुप्ता ने व्यापारियों के हितों को प्रमुखता से उठाते हुए सड़क चौड़ीकरण की प्रस्तावित माप 9 मीटर से घटाकर 7 मीटर करने का आग्रह किया था।
व्यापारियों की परेशानी और दुकानों पर पड़ने वाले संभावित प्रभावों को सामने रखते हुए उन्होंने प्रभावित कारोबारियों को राहत देने की मांग भी की थी। लेकिन कलेक्टर रोक्तिमा यादव ने स्पष्ट कर दिया था कि सड़क के दोनों ओर 9-9 मीटर चौड़ीकरण किया जाएगा। यह न्यूनतम निर्धारित माप है और इसी आधार पर शासन से बजट स्वीकृत हुआ है। ऐसे में चौड़ीकरण की माप में बदलाव संभव नहीं है।
बजट स्वीकृत, टेंडर की प्रक्रिया भी आगे बढ़ी
बैठक में कलेक्टर ने यह भी जानकारी दी थी कि बैकुंठपुर शहर के सड़क चौड़ीकरण के लिए पहली बार राशि स्वीकृत होकर आ चुकी है और इसके लिए टेंडर भी जारी किया जा चुका है। दिसंबर के प्रथम सप्ताह तक टेंडर खुलने की संभावना जताई गई थी। इसके बाद बिजली के खंभों की शिफ्टिंग, प्रभावित पेड़ों का चिह्नांकन एवं कटाई तथा भू-अर्जन संबंधी कार्रवाई आगे बढ़ाई जाएगी।
मुआवजे को लेकर भी प्रशासन ने शासन की गाइडलाइन का हवाला देते हुए बताया था कि पात्र भू-स्वामियों को बाजार मूल्य का दो गुना मुआवजा दिए जाने का प्रावधान है।
जिनकी दुकानें पूरी प्रभावित, उनके सामने सबसे बड़ी चुनौती
बैठक में व्यापार संघ अध्यक्ष संजय गुप्ता ने उन व्यापारियों का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया था, जिनकी दुकानें प्रस्तावित चौड़ीकरण में पूरी तरह प्रभावित हो सकती हैं। उन्होंने ऐसे कारोबारियों को विशेष रियायत देने की मांग की थी। हालांकि, कलेक्टर ने दो टूक कहा था कि सड़क चौड़ीकरण की कार्रवाई एक समान माप और निर्धारित स्वरूप में ही होगी।
यही वजह है कि अब राजस्व विभाग की टीम उन व्यापारियों तक पहुंच रही है, जिनकी दुकानें चौड़ीकरण से अधिक प्रभावित होने की संभावना है। उन्हें मौके पर स्थिति समझाकर आगे की तैयारी के लिए आगाह किया जा रहा है।
विकास की राह में दुकानदारों की चिंता भी बड़ी चुनौती
बैकुंठपुर में सड़क चौड़ीकरण को लेकर शहरवासियों में लंबे समय से उम्मीद बनी हुई है। संकरी सड़कों, बढ़ते यातायात और जाम की समस्या से निजात दिलाने के लिए यह परियोजना अहम मानी जा रही है। दूसरी ओर, वर्षों से कारोबार कर रहे व्यापारियों के लिए अपनी दुकानों का प्रभावित होना किसी बड़ी चुनौती से कम नहीं है।
अब निगाहें दिसंबर के प्रथम सप्ताह में प्रस्तावित टेंडर प्रक्रिया और उसके बाद शुरू होने वाली प्रशासनिक कार्रवाई पर टिकी हैं। बड़ा सवाल यह है कि सड़क चौड़ीकरण से शहर को बेहतर यातायात व्यवस्था तो मिलेगी, लेकिन प्रभावित व्यापारियों के कारोबार और पुनर्व्यवस्था की चुनौतियों का समाधान किस तरह होगा?
फिलहाल प्रशासन की मैदानी सक्रियता ने इतना जरूर स्पष्ट कर दिया है कि बैकुंठपुर का बहुप्रतीक्षित सड़क चौड़ीकरण अब निर्णायक दौर की ओर बढ़ रहा है।




