
4 हजार गरीब परिवारों के भोजन की चिंता हुई दूर…मेयर कंचन जायसवाल की पहल…एमएलए डॉ. विनय ने भी दिए 10 लाख…प्रदेश का पहला शहर…
वैश्विक महामारी कोविड -19 कोरोना से बचाव हेतु शासन प्रशासन स्तर पर कार्य किया जा रहा है। जिसमें जिले के जनप्रतिनिधि भी अपना सराहनीय योगदान दे रहे हैं। इसी कड़ी में मनेंद्रगढ़ विधायक डॉ.विनय जायसवाल ने क्षेत्र में जरूरतमंदों को नि:शुल्क राशन वितरण के लिए 10 लाख रुपए की राशि विधायक निधि से जारी की है। विधायक डॉ.विनय पूर्व में भी 1 लाख 10 हजार की राशि भी मुख्यमंत्री सहायता कोष में दे चुके हैं।
मनेंद्रगढ़ विधायक डॉ विनय जायसवाल ने कोविड-19 कोरोना वायरस के संक्रमण से आई आपदा को देखते हुए अपने क्षेत्र में जरूरतमंद लोगों को निः शुल्क राशन वितरण के लिए नगर निगम चिरमिरी को पांच लाख, मनेंद्रगढ़ नगर पालिका को दो लाख व झगराखांड नगरपंचायत को एक लाख रुपये का अनुदान आवश्यक सामग्री के लिए दिया है। वहीं जनपद पंचायत खंडगवा के विभिन्न पंचायतों के लिये 1 लाख रुपए की राशि जारी कर शासन के माध्यम से निशुल्क राशन वितरित करने की व्यवस्था बनाई है।

इसके साथ ही नगर निगम चिरिमिरी की महापौर श्रीमती कंचन जायसवाल ने भी सभापति व एमआईसी सदस्यों एवं विभिन्न पार्षदों के साथ मिलकर पूरे शहर में विभिन्न स्थानों पर लगभग 30 लाख रुपए के नि:शुल्क राशन की व्यवस्था जरूरतमंद लोगों के लिए कराई है। यह व्यवस्था जब तक कोरोना वायरस का लाकडॉउन रहेगा तब तक जारी रहेगी। और प्रत्येक सप्ताह 4000 राशन के पैकेट 40 वार्डों में बांटे जाने की योजना बनाई गई है। पैकेट में दाल, चावल, आलू, सोया बड़ी, नमक, हल्दी-मसाले, आटा, साबुन आदि रखा गया है।
जिसका वितरण जल्द ही पार्षद के माध्यम से सभी वार्ड में किया जाएगा। नगर पालिक निगम चिरमिरी प्रदेश का ऐसा पहला नगर पालिक निगम होगा जहां पर पार्षदों और महापौर के द्वारा इस प्रकार की व्यवस्था इतने बड़े पैमाने पर की जा रही है।
