♦इस खबर को आगे शेयर जरूर करें ♦

एसपी हरीश राठौर की दो टूक—“सजग रहें, साइबर ठगी और सड़क हादसों से बचें”

पटना महाविद्यालय में साइबर एवं यातायात जागरूकता कार्यक्रम, युवाओं को ऑनलाइन फ्रॉड से लेकर सड़क सुरक्षा तक दी अहम जानकारी

लाल दास महंत कल्ला की रिपोर्ट

कोरिया। साइबर अपराधों के बढ़ते खतरे और सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से कोरिया जिले में 14 अगस्त से 2 अक्टूबर तक व्यापक साइबर एवं यातायात जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में गुरुवार को पंडित ज्वाला प्रसाद उपाध्याय शासकीय महाविद्यालय, पटना में साइबर एवं यातायात जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक हरीश राठौर ने छात्र-छात्राओं को ऑनलाइन ठगी से बचाव और यातायात नियमों के पालन के प्रति जागरूक किया।

यह अभियान मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की मंशानुरूप, पुलिस महानिदेशक अरुण देव गौतम के आदेशानुसार तथा पुलिस महानिरीक्षक सरगुजा रेंज दीपक झा के मार्गदर्शन में संचालित किया जा रहा है। अभियान के माध्यम से विद्यार्थियों और आम नागरिकों को साइबर अपराधों से बचने के उपायों के साथ सुरक्षित यातायात व्यवहार की जानकारी दी जा रही है।

जरा सी लापरवाही पड़ सकती है भारी—एसपी

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए एसपी हरीश राठौर ने कहा कि आज जीवन का अधिकांश हिस्सा ऑनलाइन गतिविधियों से जुड़ गया है। ऐसे में हर व्यक्ति को हर समय सतर्क रहने की जरूरत है। साइबर मामलों में की गई छोटी-सी लापरवाही किसी व्यक्ति की जीवनभर की गाढ़ी कमाई छीन सकती है, जबकि यातायात में की गई लापरवाही व्यक्ति और उसके परिवार के सपनों को अधूरा कर सकती है।

उन्होंने विद्यार्थियों से अपील की कि वे स्वयं जागरूक रहें और अपने परिवार तथा आसपास के लोगों को भी साइबर अपराध एवं सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक करें।

ओटीपी, पिन और पासवर्ड किसी से साझा न करें

एसपी ने ऑनलाइन ठगी, फर्जी लिंक, एपीके फाइल, व्हाट्सऐप वीडियो कॉल और अन्य साइबर ठगी के तरीकों से सावधान रहने की अपील की। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी अनजान व्यक्ति के साथ ओटीपी, पिन, पासवर्ड, बैंक खाते की जानकारी या अन्य गोपनीय जानकारी साझा नहीं करनी चाहिए। अज्ञात लिंक पर क्लिक करने अथवा अनजान एपीके फाइल डाउनलोड करने से भी बचना चाहिए।

ठगी होते ही 1930 पर करें शिकायत

कार्यक्रम में साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 के महत्व की जानकारी देते हुए बताया गया कि ऑनलाइन ठगी का शिकार होने पर बिना समय गंवाए 1930 पर शिकायत दर्ज करानी चाहिए। समय पर शिकायत मिलने से ठगी गई राशि को रोकने और आवश्यक कार्रवाई करने का प्रयास किया जा सकता है।

हेलमेट, सीट बेल्ट और गति सीमा का रखें ध्यान

यातायात जागरूकता के दौरान विद्यार्थियों को वैध ड्राइविंग लाइसेंस के बाद ही वाहन चलाने, दोपहिया वाहन पर हेलमेट तथा चारपहिया वाहन में सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से उपयोग करने, निर्धारित गति सीमा का पालन करने और वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का इस्तेमाल नहीं करने के लिए प्रेरित किया गया।

विद्यार्थियों को गुड सेमेरिटन (नेक इंसान) नीति, राहवीर एवं नगदी रहित उपचार योजना की जानकारी भी दी गई। अधिकारियों ने कहा कि सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्ति की तत्काल मदद कर उसे समय पर अस्पताल पहुंचाना मानवता का परिचय है और समय पर मिली चिकित्सा किसी की जान बचा सकती है।

सोशल मीडिया के जरिए भी फैलाया जागरूकता का संदेश

कार्यक्रम के दौरान साइबर जागरूकता संबंधी स्टैंडी के समक्ष महाविद्यालय के छात्र-छात्राओं एवं स्टाफ ने सेल्फी ली और उसे अपने सोशल मीडिया खातों पर साझा कर साइबर सुरक्षा एवं यातायात जागरूकता का संदेश प्रसारित किया।

कार्यक्रम को जिला युवा अधिकारी सुश्री चहल कैलाशिया एवं उप पुलिस अधीक्षक श्याम मधुकर ने भी संबोधित किया। उन्होंने युवाओं से साइबर अपराधों के प्रति सतर्क रहने और यातायात नियमों का पालन कर स्वयं तथा दूसरों का जीवन सुरक्षित रखने की अपील की।

कार्यक्रम में थाना प्रभारी पटना प्रमोद पांडेय, यातायात प्रभारी बीरबल राजवाड़े, प्रधान आरक्षक सत्येंद्र तिवारी, महिला प्रधान आरक्षक गीता टोप्पो, यातायात हवलदार डॉ. महेश मिश्रा, महाविद्यालय के सहायक प्राध्यापक डॉ. बरखा सिंह, सुश्री पूनम टोप्पो, सहायक ग्रेड-1 रोहित साहू सहित महाविद्यालय के अतिथि व्याख्याता एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन दुर्गावती राजवाड़े ने किया।

कार्यक्रम के प्रारंभ में महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. शिव शंकर राजवाड़े ने पुलिस अधीक्षक हरीश राठौर का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया। महाविद्यालय परिवार की ओर से कार्यक्रम के अंत में अतिथियों को स्मृति-चिह्न भेंट कर सम्मानित किया गया।

व्हाट्सप्प आइकान को दबा कर इस खबर को शेयर जरूर करें

Please Share This News By Pressing Whatsapp Button



स्वतंत्र और सच्ची पत्रकारिता के लिए ज़रूरी है कि वो कॉरपोरेट और राजनैतिक नियंत्रण से मुक्त हो। ऐसा तभी संभव है जब जनता आगे आए और सहयोग करे

जवाब जरूर दे 

[poll]

Related Articles

Back to top button
Don`t copy text!
Close