
बड़ी खबर: बैकुंठपुर में सड़क चौड़ीकरण की फाइनली कार्रवाई शुरू
हरेली की छुट्टी में भी राजस्व और नगर पालिका अमला मैदान में, फिर हुई नाप-जोख; सड़क के बीच से दोनों ओर 9-9 मीटर होगा चौड़ीकरण
अनूप बड़ेरिया | बैकुंठपुर।
लंबे इंतजार और दर्जनों बार की नाप-जोख के बाद आखिरकार कोरिया जिला मुख्यालय बैकुंठपुर के मुख्य मार्ग के बहुप्रतीक्षित सड़क चौड़ीकरण की फाइनली कार्रवाई शुरू होती दिखाई दे रही है। हरेली पर्व की छुट्टी के बावजूद बुधवार को राजस्व विभाग और नगर पालिका का अमला सड़क चौड़ीकरण को लेकर मौके पर नाप-जोख करता नजर आया। इस कार्रवाई के बाद शहरवासियों में सड़क चौड़ीकरण को लेकर एक बार फिर उम्मीद जगी है।
दर्जनों बार नाप-जोख, अब कार्रवाई की उम्मीद
बैकुंठपुर शहर के मुख्य मार्ग के चौड़ीकरण की मांग लंबे समय से की जा रही है। पिछले कई वर्षों में सड़क के दोनों ओर दर्जन भर से अधिक बार नाप-जोख हो चुकी है, लेकिन हर बार मामला कागजी कार्रवाई और फाइलों तक ही सीमित रह गया। यही वजह है कि सड़क चौड़ीकरण को लेकर शहरवासियों में लगातार नाराजगी और असमंजस बना हुआ था।
हाल ही में सड़क चौड़ीकरण का मुद्दा सोशल मीडिया पर भी जमकर उठा। युवाओं और शहरवासियों ने सोशल मीडिया के माध्यम से शासन-प्रशासन का ध्यान इस ओर आकर्षित करते हुए चौड़ीकरण की मांग को फिर जोरदार तरीके से उठाया।

विधायक के प्रयास से बजट में मिली थी मंजूरी
बताया जा रहा है कि स्थानीय विधायक भैयालाल राजवाड़े के प्रयास से शहर के सड़क चौड़ीकरण के लिए बजट में स्वीकृति भी मिली थी। इसके बावजूद लंबे समय तक जमीनी स्तर पर काम शुरू नहीं होने से मामला फिर ठंडे बस्ते में जाता दिखाई दे रहा था। इसके बाद युवाओं ने सोशल मीडिया पर दोबारा मुहिम छेड़कर सड़क चौड़ीकरण को लेकर आवाज बुलंद की।

अब सड़क के बीच से दोनों ओर 9-9 मीटर!
राजस्व अमले से मिली जानकारी के अनुसार अब सड़क चौड़ीकरण की प्रक्रिया को अंतिम रूप देने की दिशा में कार्रवाई शुरू कर दी गई है। इसके तहत सड़क के मध्य बिंदु से दोनों ओर 9-9 मीटर, यानी कुल 18 मीटर चौड़ाई के दायरे में सड़क चौड़ीकरण प्रस्तावित है।
वहीं खरवत चौक से जमगहना तक डिवाइडरयुक्त सड़क बनाए जाने का प्रस्ताव बताया जा रहा है। यदि प्रस्ताव के अनुरूप काम आगे बढ़ता है तो बैकुंठपुर शहर के मुख्य मार्ग का स्वरूप पूरी तरह बदल सकता है और यातायात व्यवस्था को भी बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।
छुट्टी के दिन नाप-जोख से बढ़ी उम्मीद
हरेली पर्व की छुट्टी के दिन राजस्व एवं नगर पालिका अमले द्वारा की गई नाप-जोख को शहरवासी महज औपचारिक कार्रवाई न मानकर चौड़ीकरण की वास्तविक शुरुआत के संकेत के रूप में देख रहे हैं। हालांकि अब सभी की निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि नाप-जोख के बाद आगे की कार्रवाई कितनी तेजी से होती है और वर्षों से लंबित यह महत्वाकांक्षी काम कब धरातल पर उतरता है।
फिलहाल इतना तय है कि वर्षों से फाइलों में घूम रहा बैकुंठपुर का सड़क चौड़ीकरण एक बार फिर सुर्खियों में है और इस बार कार्रवाई जमीन पर नजर आ रही है।




