मोदी सरकार के खिलाफ कांग्रेसियों ने किया प्रदर्शन, कहा छग के साथ बंद करें सौतेला व्यवहार
मोदी सरकार की नीतियां जनविरोधी- वोरा
दक्षिणापथ, दुर्ग। केंद्र की मोदी सरकार द्वारा छत्तीसगढ़ राज्य के साथ किए जा रहे सौतेले व्यवहार के खिलाफ कांग्रेसियों ने शनिवार को हिंदी भवन के पास धरना देकर जमकर विरोध जताया। जिला व शहर कांग्रेस कमेटी के बैनरतले आयोजित धरना-प्रदर्शन में प्रदेश के खाद्य मंत्री अमरजीत सिंह भगत, विधायक अरुण वोरा, देवेंद्र यादव, पूर्व विधायक भजन सिंह निरंकारी, प्रतिमा चंद्राकर, जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष तुलसी साहू, शहर कांग्रेस अध्यक्ष आरएन वर्मा एवं अन्य कांग्रेसी नेताओं ने शामिल होकर केंद्र सरकार की नीतियों को जमकर कोसा। विधायक अरुण वोरा ने कहा कि छत्तीसगढ़ की भूपेश बघेल सरकार जन भावनाओं के अनुरूप कार्य कर रही है, सरकार ने जनता से जो वादे किए थे उसे पूरा किया है। लेकिन इसके विपरीत केंद्र में बैठी मोदी सरकार की नीतियां जन विरोधी हैं, जो उसके कार्यों से परिलक्षित हो रही है। श्री वोरा ने कहा कि राज्य सरकार 25 सौ रु.समर्थन मूल्य में धान खरीदी कर रही है। केन्द्र सरकार किसानों को धान का अधिक समर्थन मूल्य देने से इंकार कर रही है। धान के समर्थन मूल्य में केंद्र सरकार द्वारा मात्र 65 रु. की वृद्धि की गई है। यह किसानों के साथ बड़ा अन्याय है। केन्द्र सरकार द्वारा मिट्टीतेल का कोटा 38 प्रतिशत कम कर दिया गया है। महंगाई चरम पर आ गई है। उसके बावजूद भी पेट्रोल और डीजल के मूल्यों में लगातार वृद्धि की जा रही है। महंगाई केंद्र सरकार के नियंत्रण से बाहर हो चुकी है। ऐसे अन्य विषय हैं जो केंद्र सरकार के जनविरोधी होने का बड़ा प्रमाण है। धरना उपरांत कांग्रेसियों द्वारा डिप्टी कलेक्टर श्री विश्वकर्मा को ज्ञापन सौंपकर अपनी मांगों से अवगत कराया गया। धरना का संचालन शहर जिला मध्य ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अल्ताफ अहमद एवं आभार प्रदर्शन कांग्रेसी नेत्री रत्ना रामदेव ने किया। प्रदर्शन में कौशल किशोर सिंह, रऊफ कुरैशी, अमृत लोढ़ा, वायके सिंह, संदीप वोरा, जयंत देशमुख, अजय मिश्रा, प्रकाश गीते, सोनू साहू, निलेश चौबे, अब्दुल गनी, हमीद खोखर, फिरोज खान, झाड़ेश्वर कौशल, अबरार पुवार, अनीता तिवारी, रत्ना चंद्राकर के अलावा बड़ी संख्या में कांग्रेसी शामिल हुए।