
छग के मंत्री लखमा पर भड़कीं महिला नेत्री…आबकारी मंत्री ने भाजपा की छग प्रभारी पुरन्देश्वरी की तुलना की थी फूलन देवी से…माफी नही मांगने पर होगा…
ध्रुव द्विवेदी
कोरिया। हाल ही में एक प्रेस कांफ्रेंस के दौरान कांग्रेस सरकार के आबकारी मंत्री कवासी लखमा ने भाजपा की प्रदेश प्रभारी डी. पुरंदेश्वरी की तुलना फूलन देवी से कर दी थी। इसी वजह से महिला मोर्चा में आक्रोश देखने को मिल रहा है।
रविवार को भाजपा युवा मोर्चा मण्डल अध्यक्ष आकाश दुआ के निवास पर आयोजित प्रेस वार्ता में सभी ने एक स्वर में कवासी लखमा द्वारा भाजपा की महिला नेत्री की तुलना फूलन देवी से करने पर जमकर नाराजगी जताई।
प्रेस वार्ता में पूर्व संसदीय सचिव और भरतपुर सोनहत विधायक चंपा देवी पावले ने आबकारी मंत्री कवासी लखमा पर जमकर अपनी भड़ास निकाली। उन्होंने कहा की जब से प्रदेश में कांग्रेस की सरकार आई
है उनके मंत्री और विधायक आये दिन महिलाओं को लेकर विवादित टिप्पणी करते रहते है। वे लोग इतने निरंकुश हो गये है की अब तो महिलाओं का सम्मान करना ही भूल गये है। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल को चाहिये की अपने मंत्रियों और विधायकों को नैतिकता का पाठ पढ़ाये।

प्रतिमा पटवा ने कहा की आज नारी शक्ति को पूरे देश मे सम्मान दिया जाता है लेकिन प्रदेश में काबिज सरकार ने महिलाओं के सम्मान को पूरी तरह से भूला दिया है। आज प्रदेश प्रभारी के बारे में जो अनर्गल बयानबाजी टिप्पणी की गई है वह उनकी गंदी मानसिकता को दर्शाता है।
प्रेस कॉन्फ्रेंस के माध्यम से महिला मोर्चा के पदाधिकारियों ने अपनी अपनी बात रखी और मंत्री कवासी लखमा द्वारा की गई अभद्र टिप्पणी की घोर निंदा की साथ ही उन्होंने वर्तमान सरकार पर कई आरोप लगाये।
जया कर ने कहा की इस सरकार के आने के बाद महिला उत्पीड़न के मामले भी काफी बढ़ गए हैं। वर्तमान सरकार के मंत्री और नेता सत्ता के नशे में इतना चूर हो गये हैं की अब वे महिलाओं का अपमान करने लगे हैं। कॉन्फ्रेंस में उपस्थित महिला मोर्चा की कार्यकर्ताओ ने कहा की हम प्रदेश प्रभारी डी पुरंदेश्वरी का अपमान सहन नहीं कर सकते, उनकी तुलना फूलन देवी से की गई है जो सरासर सभी महिलाओं का अपमान है।
इस अवसर पर पूर्व संसदीय सचिव चंपा देवी पावले, मंडल महामंत्री रामचरित द्विवेदी, प्रतिमा पटवा,जया कर, गीता पासी,रूबी पासी, आशीष मजूमदार डॉ. रश्मि सोनकर,कीर्ति राडा , बबीता सिंह, कविता देवान, माहेश्वरी सिंह,प्रवीण सिंह,कोमल पटेल, आकाश दुआ, प्रमोद बंसल, अंकुर जैन, इकबाल सिंह, आशीष मजूमदार, ईशा दास, हिमांशु श्रीवास्तव धीरज जैन के साथ काफी संख्या में विभिन्न मोर्चा प्रकोष्ठ के पदाधिकारी उपस्थित रहे।




