
जनआक्रोश के आगे झुकी कंपनी: 3 घंटे बाद पहुंची, 3 लाख की तात्कालिक सहायता — कड़ी कार्रवाई और बड़े मुआवजे का भरोसा
अनूप बड़ेरिया
मनेंद्रगढ़।
ग्राम परसगढ़ी में डी वी प्रोजेक्ट के वाहन से हुई भीषण दुर्घटना में ग्राम पंचायत बंजी निवासी स्वर्गीय राजभान सिंह की दर्दनाक मौत के बाद पूरे क्षेत्र में शोक के साथ भारी आक्रोश फैल गया। घटना के बाद पीड़ित परिवार और ग्रामीणों ने न्याय व उचित मुआवजे की मांग को लेकर अंतिम संस्कार रोक दिया, जिससे स्थिति बेहद संवेदनशील बन गई।
सुबह करीब सात बजे से ही ब्लॉक कांग्रेस कमेटी मनेंद्रगढ़ शहर अध्यक्ष सौरव मिश्रा मृतक के घर पर डटे रहे और परिजनों के साथ खड़े होकर उनकी मांगों को मजबूती से उठाते रहे। बड़ी संख्या में ग्रामीणों की मौजूदगी और कांग्रेस नेताओं के दबाव के चलते प्रशासन हरकत में आया। बढ़ते जनआक्रोश के बीच करीब तीन घंटे बाद कंपनी के प्रतिनिधि मौके पर पहुंचे।

सौरव मिश्रा के नेतृत्व में कंपनी प्रतिनिधियों के साथ हुई चर्चा में पीड़ित परिवार को तत्काल आर्थिक सहायता, बीमा क्लेम की शीघ्र प्रक्रिया और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग प्रमुखता से रखी गई। आखिरकार ग्रामीणों के आक्रोश और कांग्रेस के दबाव के आगे कंपनी प्रबंधन को झुकना पड़ा और मृतक के पिता धन सिंह को 3 लाख रुपये की नगद सहायता तत्काल दी गई।
कंपनी ने आश्वासन दिया कि बीमा क्लेम प्रक्रिया जल्द पूरी कर पीड़ित परिवार को बड़ी राहत राशि दिलाई जाएगी।
गौरतलब है कि घटना के बाद ही कांग्रेस नेताओं ने सक्रियता दिखाते हुए पूर्व विधायक गुलाब कमरों के नेतृत्व में विधायक प्रत्याशी रमेश सिंह, जिला कांग्रेस उपाध्यक्ष कृष्ण मुरारी तिवारी, जिला महामंत्री रफीक मेमन सहित अन्य नेता थाने पहुंचे थे और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग उठाई थी।
पूर्व विधायक गुलाब कमरों ने कहा कि यह सिर्फ प्रारंभिक सहायता है, असली न्याय तब होगा जब दोषियों पर सख्त कार्रवाई और पीड़ित परिवार को पूरा मुआवजा मिलेगा। उन्होंने चेतावनी दी कि लापरवाही होने पर कांग्रेस सड़क से सदन तक आंदोलन करेगी।
ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष सौरव मिश्रा ने कहा कि कांग्रेस शुरू से ही पीड़ित परिवार के साथ खड़ी है और यह लड़ाई तब तक जारी रहेगी जब तक परिवार को पूर्ण न्याय नहीं मिल जाता।
इस दौरान क्षेत्र में भारी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे, जिससे प्रशासन पर लगातार दबाव बना रहा। बंजी सरपंच देव कुमार सिंह, ब्लॉक कांग्रेस उपाध्यक्ष, महामंत्री खोनेश्वर प्रसाद, स्नेहिल शुक्ला, प्रेम सिंह, उमेंद्र सिंह सहित सैकड़ों ग्रामीणों ने एकजुट होकर पीड़ित परिवार के समर्थन में आवाज बुलंद की। कांग्रेस नेताओं ने स्पष्ट किया कि यह लड़ाई केवल एक परिवार की नहीं, बल्कि न्याय और जवाबदेही की लड़ाई है।




