
गैस सिलेंडर की बढ़ती कीमतों पर कांग्रेस का हल्ला बोल: बैकुंठपुर में चक्का जाम कर जोरदार प्रदर्शन
लालदास महन्त
कोरिया। बढ़ती महंगाई एवं घरेलू व कॉमर्शियल गैस सिलेंडरों के लगातार बढ़ते दामों के विरोध में जिला कांग्रेस कमेटी कोरिया द्वारा जिला मुख्यालय बैकुंठपुर में जिला स्तरीय एक दिवसीय धरना-प्रदर्शन आयोजित किया गया।
कार्यक्रम के दौरान कांग्रेस कार्यालय से एक विशाल रैली निकाली गई, जो कुमार चौक पहुंचकर प्रदर्शन में तब्दील हो गई। यहां कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने चक्का जाम कर केंद्र सरकार के खिलाफ जोरदार नारेबाजी की और बढ़ती महंगाई के खिलाफ अपना आक्रोश व्यक्त किया।
जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष प्रदीप गुप्ता ने कहा कि केंद्र की भाजपा सरकार की गलत नीतियों के कारण महंगाई लगातार बढ़ रही है, जिससे आम जनता, विशेषकर गरीब और मध्यम वर्गीय परिवारों को भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि रसोई गैस और कॉमर्शियल सिलेंडरों की कीमतों में लगातार हो रही वृद्धि से जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हो रहा है।
कांग्रेस नेताओं ने मांग की कि गैस सिलेंडरों की बढ़ी हुई कीमतों को तत्काल प्रभाव से वापस लिया जाए, ताकि आम जनता को राहत मिल सके। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि सरकार द्वारा जल्द कोई निर्णय नहीं लिया गया तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।
विरोध प्रदर्शन के दौरान जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष प्रदीप गुप्ता, पूर्व विधायक अंबिका सिंह देव, भटगांव पूर्व विधायक पारस राजवाड़े, पीसीसी सदस्य योगेश शुक्ला, पूर्व नगरपालिका अध्यक्ष एवं जिला कांग्रेस कोषाध्यक्ष अशोक जायसवाल, महामंत्री बृजवासी तिवारी, हेमसागर यादव, ब्लॉक अध्यक्ष बिहारी लाल राजवाड़े, आशीष यादव, पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष अजीत लकड़ा, जिला पंचायत सदस्य सुरेश सिंह, महिला कांग्रेस ग्रामीण अध्यक्ष संजोती मरकाम, महिला कांग्रेस शहर अध्यक्ष चांदनी सोनी, किसान कांग्रेस प्रदेश सचिव पूनम तिग्गा सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता और महिलाएं शामिल रहीं।
प्रदर्शन में शामिल कांग्रेसजनों ने केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए गैस सिलेंडर के दामों में बढ़ोतरी को वापस लेने की मांग की।




