
लापरवाही पर कलेक्टर रोक्तिमा यादव का कड़ा एक्शन! राजस्व कार्यालयों के निरीक्षण में खुली कार्यप्रणाली की पोल, कर्मचारियों को फटकार और नोटिस के निर्देश..
कोरिया। जिले में राजस्व कार्यों को लेकर कलेक्टर रोक्तिमा यादव ने सख्त रुख अपनाया है। कलेक्टर ने अनुविभागीय राजस्व कार्यालय एवं तहसील कार्यालय का निरीक्षण कर राजस्व प्रकरणों, लंबित मामलों तथा कार्यालयीन व्यवस्थाओं की विस्तृत जानकारी ली। निरीक्षण के दौरान अभिलेखों में समय पर प्रविष्टियां और आवश्यक अद्यतन कार्यवाही नहीं मिलने पर उन्होंने संबंधित कर्मचारियों को कड़ी फटकार लगाई।

कलेक्टर ने स्पष्ट निर्देश दिए कि शासकीय कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने लापरवाही बरतने वाले कर्मचारियों के विरुद्ध नोटिस जारी करने के निर्देश दिए तथा सभी लंबित कार्यों को निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण करने पर जोर दिया।
राजस्व प्रकरणों के त्वरित निराकरण पर जोर
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने एसडीएम, तहसीलदार एवं नायब तहसीलदार को अपने-अपने दायित्वों का पूरी जिम्मेदारी के साथ निर्वहन करने तथा राजस्व प्रकरणों का त्वरित गति से निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आम नागरिकों से जुड़े राजस्व मामलों में अनावश्यक देरी नहीं होनी चाहिए।
लिपिकों को कम्प्यूटर कार्य में दक्ष बनाने के निर्देश
कलेक्टर रोक्तिमा यादव ने कार्यालयीन कार्यों को अधिक व्यवस्थित एवं प्रभावी बनाने के लिए लिपिकीय कर्मचारियों को कम्प्यूटर कार्य में दक्ष बनाने पर भी विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि अभिलेखों का समय पर संधारण, प्रविष्टियां एवं अद्यतन कार्यवाही नियमित रूप से सुनिश्चित की जाए।
कलेक्टर के सख्त तेवरों से राजस्व विभाग में कार्यों को समय-सीमा में पूरा करने और लंबित प्रकरणों के त्वरित निराकरण को लेकर जिम्मेदारी तय किए जाने के संकेत साफ दिखाई दिए।




