सौहार्दपूर्ण वातावरण में निकाली गई ईद मिलादुन्नबी का जुलूस… देश मे अमन चैन कायम रखने की मांगी गई दुआ
मनेन्द्रगढ़ से ध्रुव द्विवेदी
पैगम्बर ए-इस्लाम हजरत मोहम्मद की यौमे पैदाइश पर मनाया जाने वाला त्योहार ईद मिलादुन्नबी बारावफात रविवार को धूमधाम से मनाया गया। इस मौके पर सुबह से ही शहर में जुलूसे मोहम्मदी की धूम दिखाई दी। शहर समेत आसपास क्षेत्रों से जुलूस निकाले गये। इस मौके उलेमाओं द्वारा तकरीर पेश की गई।
पर्व के मद्देनजर मुस्लिम बहुल इलाकों में आकर्षक सजावट की गई है। त्योहार की पूर्व संध्या पर शनिवार को कई स्थानों पर जलसा हुआ। देर तक नातिया कलाम गूंजते रहे। उलमाओं ने तकरीर की। अंजुमनों ने नबी की शान में कलाम पेश किया।
जुलूस के तकरीर में कहा गया कि हजरत मोहम्मद पूरी दुनिया के लिए रहमत बनकर आए थे। उन्होंने यतीमों, विधवाओं और गुलामों को सम्मानित स्थान दिलाया। पुरुष व महिला दोनों की शिक्षा को फर्ज बताया।
मनेन्द्रगढ़ में इस मौके पर जुलूस निकाला गया जो नगर के प्रमुख मार्गों से होकर गुजरा।इस दौरान सभी ने देश मे अमन चैन कायम रखने की दुआ की।इस मौके पर सुरक्षा व्यवस्था बनाये रखने के लिए एस डी ओ पी मनेन्द्रगढ़, थाना प्रभारी एस पी तिवारी पुलिस बल के साथ मौजूद रहे।