
IG डांगी की अपील-डरे नहीं हम होंगे कामयाब… संकट व परीक्षा की घड़ी..हौसले व मनोबल से जीती जाएगी…लॉक डाउन में क्या करें..
सरगुजा पुलिस महानिरीक्षक रतन लाल डांगी ने एक बार फिर कोविड 19 के ऐहतियातन हुए लॉक डाउन के दौरान जनता से अपील करते हुए कहा है कि “डरे नहीं ,हम होंगे कामयाब, हम होंगे कामयाब “। इंसान के समक्ष ऐसे संकट पहले भी आए हैं ,आगे भी आएंगे, लेकिन इंसान ने कब हार मानी है। यही मानव सभ्यता की कहानी है। यह संकट व परीक्षा की घड़ी है। जो हौसले व मनोबल से जीती जाएगी।
उन्होंने आगे कहा कि अपने परिवार के मुखिया के नाते आपकी सकारात्मक व आशावादी सोच ,आपके परिवार का मनोबल बढ़ा सकती है।
IG ने कहा कि घर में भी सक्रिय रहे, सुबह जल्दी उठिए, उगते सूर्य को देखिए, व्यायाम कीजिए, कुछ अच्छा सकारात्मक पढिये, महापुरुषों के बारे मे पढिये, संगीत के शौकीन है तो वो भी सुनिए, नृत्य मे रूचि है तो वो करें,पेंटिंग करें। अपने इष्ट मित्रों से बाते कीजिए, कुछ लिखिए और कुछ नहीं तो आत्मकथा ही लिखना शुरू कर सकते है।
आईजी रतन लाल डांगी ने कहा कि बस परिवार के मुखिया के नाते आपकी बहुत बड़ी जिम्मेदारी है। बस घर मे रहे, मस्त रहे। कोई समस्या हो तो तत्काल प्रशासन के अधिकारियों को फोन कीजिए। सब आपके साथ हैं।

