
इंदिरा पार्क की बदहाली पर कलेक्टर रोक्तिमा यादव सख्त: सफाई से लेकर ओपन जिम तक व्यवस्था सुधारने के निर्देश
सीढ़ियों पर जमी काई तत्काल हटाने के आदेश, खराब ओपन जिम उपकरणों की होगी मरम्मत; वार्डों की सफाई और आवारा मवेशियों पर अभियान चलाने के निर्देश
लाल दास महंत कल्ला की रिपोर्ट
कोरिया/बैकुंठपुर। शहरवासियों के लिए प्रमुख मनोरंजन एवं स्वास्थ्य स्थल इंदिरा पार्क की व्यवस्थाओं को लेकर कलेक्टर रोक्तिमा यादव ने बुधवार को औचक निरीक्षण किया। कलेक्टर ने पार्क में साफ-सफाई, नागरिक सुविधाओं, प्रकाश व्यवस्था, ओपन जिम सहित विभिन्न व्यवस्थाओं का जायजा लिया और लापरवाही मिलने पर नगर पालिका को व्यवस्था तत्काल दुरुस्त करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने मुख्य नगर पालिका अधिकारी तरुण एक्का को निर्देशित किया कि पार्क में नियमित रूप से साफ-सफाई सुनिश्चित की जाए। बारिश के चलते सीढ़ियों एवं पाथवे पर जमा काई और फिसलन को तत्काल हटाने को कहा, ताकि सुबह-शाम टहलने आने वाले नागरिकों को परेशानी का सामना न करना पड़े।
उन्होंने पार्क में उगी खरपतवार की सफाई, पेड़ों की अनावश्यक टहनियों की छंटाई तथा अन्य रखरखाव के कार्य समय पर पूरा कराने के निर्देश दिए। साथ ही पार्क में असामाजिक तत्वों का अनावश्यक जमावड़ा न हो, इसके लिए निगरानी व्यवस्था मजबूत करने पर भी जोर दिया।

खराब ओपन जिम उपकरणों की होगी मरम्मत
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने इंदिरा पार्क स्थित ओपन जिम का भी अवलोकन किया। उन्होंने खराब एवं अनुपयोगी पड़े उपकरणों की जानकारी लेते हुए उनकी आवश्यक मरम्मत कराने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने कहा कि नागरिकों को उपलब्ध कराई गई सुविधाएं केवल दिखावे तक सीमित न रहें, बल्कि उनका नियमित रखरखाव कर लोगों को उनका वास्तविक लाभ मिलना चाहिए।
उन्होंने पार्क में पर्याप्त रोशनी और बिजली व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा पार्क की व्यवस्थाओं की नियमित निगरानी के निर्देश भी दिए।
वार्डों की सफाई पर भी रहेगी कलेक्टर की नजर
कलेक्टर रोक्तिमा यादव ने सीएमओ को शहर के सभी वार्डों में नियमित साफ-सफाई व्यवस्था का निरीक्षण करने के निर्देश दिए। उन्होंने नालियों, चौक-चौराहों और सार्वजनिक स्थलों की स्वच्छता पर विशेष ध्यान देने को कहा। मच्छरों की रोकथाम के लिए आवश्यकता अनुसार दवा का छिड़काव तथा जलभराव वाले स्थानों की नियमित निगरानी करने के निर्देश भी दिए गए।

आवारा मवेशियों पर चलेगा अभियान
शहर की सड़कों और प्रमुख चौक-चौराहों पर आवारा मवेशियों के कारण उत्पन्न होने वाली समस्या को गंभीरता से लेते हुए कलेक्टर ने उनकी धरपकड़ एवं सुरक्षित स्थानों पर व्यवस्थापन के लिए अभियान चलाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि नागरिकों की सुविधा और सड़क सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए नगर पालिका की टीम नियमित रूप से निगरानी करे।
स्वच्छ पेयजल और नागरिक सुविधाओं पर विशेष जोर
कलेक्टर ने नगरीय क्षेत्र में शहरवासियों को स्वच्छ एवं सुरक्षित पेयजल उपलब्ध कराने पर भी विशेष जोर दिया। उन्होंने स्पष्ट कहा कि नागरिक सुविधाओं से जुड़े कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
उन्होंने नगर पालिका को साफ-सफाई, पेयजल, सड़क, नाली और सार्वजनिक स्थलों की व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए लगातार प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। कलेक्टर के निरीक्षण के बाद अब शहरवासियों की नजर इस बात पर रहेगी कि इंदिरा पार्क सहित पूरे शहर की व्यवस्थाओं में जमीनी स्तर पर कितना सुधार दिखाई देता है।




